रणजी ट्रॉफी 2025 एलीट ग्रुप में मुंबई बनाम छत्तीसगढ़ मैच में तीसरे दिन सोमवार यानी 27 अक्टूबर 2025 का खेल दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया। मुंबई ने पहली पारी में 416 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत कर मुंबई को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश, लेकिन जैसे ही स्पिनरों ने रफ्तार पकड़ी, मेजबान टीम ने मैच पर पकड़ बनानी शुरू कर दी।
दिन के अंत में बारिश ने खेल को बाधित किया और दिन का खेल खत्म करना पड़ा। स्टम्प्स के समय छत्तीसगढ़ का स्कोर पहली पारी में 60.3 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन था। उनके आईपीएल स्टार शशांक सिंह 20 रन और आठवें नंबर के आदित्य सरवटे तीन रन बनाकर क्रीज पर थे। छत्तीसगढ़ पहली पारी के आधार पर अब भी 240 रन पीछे है।
बारिश बनी मैच की बड़ी विलेन
मुंबई के बीकेसी ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मैच में तीसरे दिन की शुरुआत से ही मौसम ने खेल पर असर डाला। अनियमित बारिश के कारण डेढ़ घंटे का खेल खराब हो गया। 133.3 ओवर में 416 रन पर ऑलआउट होने के बाद मुंबई गेंदबाजी के लिए उतरी, लेकिन दिन का अधिकांश हिस्सा बारिश की भेंट चढ़ गया।
छत्तीसगढ़ की शानदार शुरुआत लेकिन फिर लगा विकेटों का झरना
आयुष पांडे (50) और विकेटकीपर शशांक चंद्राकर (43) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने मुंबई के गेंदबाजों का आत्मविश्वास तोड़ दिया था, लेकिन इसके बाद स्पिनरों ने खेल पलट दिया।
मुंबई के स्पिनरों का कमाल
मुंबई के ऑफ स्पिनर हिमांशु सिंह ने आयुष पांडे को सिली पॉइंट पर कैच कराकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। हिमांशु सिंह ने शशांक को भी लेग स्लिप में कैच कराया। इसके बाद लेफ्ट-आर्म स्पिनर शम्स मुलानी और मुशीर खान ने मोर्चा संभाला। मुशीर ने संजीत देसाई और कप्तान अमनदीप खैरे को आउट किया, जबकि मुलानी ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे आशुतोष सिंह (34) को पवेलियन की राह दिखाई। शम्स मुलानी ने अजय मंडल को भी चलता किया।
अंत में फिर बरसी बारिश
शाम को फिर से बारिश शुरू हो गई जिससे खेल को जल्द ही रोकना पड़ा। हालांकि, बारिश नहीं रुकते देख दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया।
मुंबई की नजर फुल पॉइंट्स पर
मुंबई की टीम अब चौथे दिन छत्तीसगढ़ की बाकी चार विकेट झटककर फुल पॉइंट्स हासिल करने की कोशिश करेगी। पिच पर टर्न और लो बाउंस को देखते हुए स्पिनरों की भूमिका अहम रहेगी।
संक्षिप्त स्कोर
- मुंबई: 416 रन
- छत्तीसगढ़: 175/6 (आयुष पांडे 50, शशांक चंद्राकर 43, अशुतोष सिंह 34)
- गेंदबाजी: हिमांशु सिंह 2/22, मुशीर खान 2/29, शम्स मुलानी 2/41
- स्थिति: छत्तीसगढ़ अभी 240 रन पीछे, शशांक सिंह नाबाद 20 और आदित्य सरवटे नाबाद 3 रन बनाकर क्रीज पर।
