Ranji Trophy Semi Final: रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने मैच के दूसरे दिन 18 फरवरी 2025 को जमकर कहर बरपाया। शिवम दुबे ने 11.5 ओवर में 49 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीसरी बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए। यह शिवम दुबे की कातिलाना गेंदबाजी का ही असर था कि विदर्भ ने अपने आखिरी पांच विकेट महज 59 रन पर गंवा दिए।

विदर्भ ने पहले दिन 88 ओवर में गंवाए थे सिर्फ 5 विकेट

मैच के पहले दिन यानी 17 फरवरी 2025 को जब खेल खत्म हुआ था तब विदर्भ का स्कोर 88 ओवर में 5 विकेट पर 308 रन था। उस समय यश राठौड़ 86 गेंद में 47 रन बनाकर नाबाद थे। अक्षय वाडकर भी 35 गेंद में 13 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। दूसरे दिन विदर्भ को पहला झटका शार्दुल ठाकुर ने दिया। शार्दुल ठाकुर ने 95वें ओवर की 5वीं गेंद पर यश राठौड़ को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने खुद ही यश को कैच किया।

शार्दुल ने दूसरे दिन मुंबई को दिलाई पहली सफलता

यश राठौड़ 7 चौके की मदद से 113 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। उस समय टीम का स्कोर 6 विकेट पर 324 रन था। मुंबई के लिए रोस्टन डायस 100वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर अक्षय वाडकर को आकाश आनंद के हाथों कैच करा दिया। अक्षय वाडकर 4 चौके की मदद से 62 गेंद में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 104वें ओवर के लिए शिवम दुबे को गेंद थमाई।

शिवम दुबे ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। शिवम दुबे ने पहली ही गेंद पर नचिकेत भूते को शम्स मुलानी के हाथों कैच करा दिया। नचिकेत भूते 2 चौके की मदद से 18 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। शिवम दुबे ने 106वें ओवर की तीसरी गेंद पर हर्ष दुबे को आकाश आनंद के हाथों कैच कराया। हर्ष दुबे 3 चौके की मदद से 27 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

शिवम दुबे ने 108वें ओवर की 5वीं गेंद पर यश ठाकुर को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराकर विदर्भ की पारी का अंत किया। यश ठाकुर 4 गेंद में 3 रन ही बना पाए। यश ठाकुर जब पवेलियन लौटे तब तक विदर्भ के खाते में 383 रन जुड़ चुके थे। शिवम दुबे ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन विदर्भ के दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी।

विदर्भ नाम मुंबई मैच का संक्षिप्त स्कोर

विदर्भ की पारी की बात करें तो दानिश मालेवार उच्चतम स्कोरर रहे। उन्होंने 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 157 गेंद में 79 रन बनाए। ध्रुव शौरी ने 9 चौके की मदद से 74 रन बनाए। यश राठौड़ ने 54 रन बनाए। दर्शन नालकंडे 18 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए शम्स मुलानी ने 62 और रोस्टन डायस ने 48 रन देकर 2-2 विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर ने 78 रन देकर 1 विकेट लिया।