रणजी ट्रॉफी 2025 का आगाज हो चुका है, इस बार के टूर्नामेंट में कई भारतीय टीम के इंटरनेशनल खिलाड़ी खेल रहे हैं। वहीं इसी बीच एक ऐसा खिलाड़ी भी इस बार टूर्नामेंट का हिस्सा है जो बड़े संघर्ष भरे जीवन को जी कर अब रणजी की टीम में जगह बना पाया है। उस खिलाड़ी का नाम है इरफान उमैर जो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। एक वक्त था जब मुंबई में मकान मालिक ने उन्हें घर से बाहर कर दिया था। आज वह मुंबई की टीम का हिस्सा हैं।

उन्हें 42 बार की चैंपियन सबसे सफल रणजी टीम ने अपने साथ जोड़ा और पहले मैच में ही उन्हें डेब्यू का मौका भी मिला। इरफान का डेब्यू कैसा रहा उस पर बाद में बात करेंगे, लेकिन उससे पहले उनके सफर पर नजर डाल लेते हैं कि कैसे उन्होंने मुंबई आने के बाद मुश्किलों का सामना किया था। उन्होंने वेटर, फूड शॉप में शुशी बनाने वाले हेल्पर तक की नौकरी की है। तो आइए नजर डालते हैं मुंबई की टीम के इस सितारे के सफर पर नजर:-

कठोर परिश्रम से गुजरा शुरुआती जीवन

साल 2017 में इरफान उमैर रांची से मुंबई आए थे। उस वक्त वह सिर्फ 5500 रुपये लेकर यहां पहुंचे थे। फिर उन्होंने यहां 300 रुपये रोजाना की दिहाड़ी पर वेटर के तौर पर काम किया। उसके बाद एक जगह उन्होंने शुशी बनाने का काम किया। वहीं कई बार उन्हें रेलवे स्टेशन पर भी अपनी रात गुजारनी पड़ी थी। मुंबई में वह जहां रहते थे उस जगह के मकान मालिक ने भी उन्हें निकाल दिया था। इसके बाद कोविड के कारण उनके पेपरवर्क में भी देरी हुई थी। वह अपनी क्रिकेट प्रैक्टिस भी करते थे और दूसरी तरफ दिहाड़ी की नौकरियां भी करते थे ताकी वह खर्च उठा सकें।

इनकम के लिए उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट भी खेलना शुरू कर दिया था। उसके बाद उन्हें पहला ऐसा ब्रेक मिला जिसके बाद उनकी किस्मत बदलना शुरू हुई और किचन को छोड़कर वह क्रिकेट के मैदान पर आ पाए। उन्हें 16 लाख रुपये में ISPL के लिए फाल्कन राइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था। यहां कई कोच ने उन्हें नोटिस किया और अभिषेक नायर ने भी उनका काफी समर्थन किया। इसके बाद CCI, KSCA और बुची बाबू टूर्नामेंट में उन्होंने जलवा बिखेरना शुरू कर दिया। अब कप्तान शार्दुल ठाकुर के नेतृत्व में उन्हें जम्मू कश्मीर की टीम के खिलाफ मुंबई के लिए रणजी के पहले मैच में डेब्यू का मौका मिला है।

कप्तान शार्दुल ने की तारीफ

कप्तान ने उनको लेकर बयान भी दिया कि इस खिलाड़ी के अंदर परफॉर्म करने की भूख है। इस मैच में पहले खेलते हुए मुंबई की टीम ने 386 रन बनाए थे। जवाब में जम्मू कश्मीर की पारी दूसरे दिन के अंत तक जारी थी। उसका स्कोर था 7 विकेट पर 273 रन। इसमें से एक विकेट इरफान उमैर का भी था जो उन्होंने ओपनर कामरान इकबाल को आउट करके हासिल किया था। बाएं हाथ के पेसर ने अभी तक इस मुकाबले में 10 ओवर में 2 मेडन फेंकते हुए 40 रन दिए थे और एक विकेट झटका था। अब देखना होगा कि वह रणजी डेब्यू के बाद अपने इस सफर को भारत की इंटरनेशनल टीम तक कैसे ले जा पाते हैं।