भारत को अपनी कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 का चैंपियन बनाने वाले कप्तान यश ढुल ने रणजी ट्रॉफी 2022 में डेब्यू करते हुए शतक जड़ा है। दिल्ली और तमिलनाडु के बीच जारी मुकाबले में ढुल ने पारी की शुरुआत करते हुए 150 गेंदों पर 118 रन बनाए। उनकी इस पारी में 18 चौके भी शामिल थे।
कोरोना के कारण एक सीजन के ब्रेक के बाद रणजी ट्रॉफी की वापसी हुई है। कोरोना संक्रमण की वजह से साल 2020-21 का सीजन रद्द कर दिया गया था। यश ढुल ने अपने रणजी ट्रॉफी करियर का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। उन्होंने तमिलनाडु ने खिलाफ शतकीय पारी खेलकर घरेलू क्रिकेट में एंट्री की। 133 गेंदों पर उन्होंने अपना शतक पूरा किया था।
बुरे समय में किया टीम का बचाव
तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले में दिल्ली की शुरुआत खराब रही। यश के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे ध्रुव शोरे एक और हिम्मत सिंह पहली गेंद पर ही बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद यश ने नितीशा राणा के साथ पारी को संभाला और 7 रन पर दो विकेट के बाद टीम के स्कोर को 67 तक पहुंचाया।
तीसरे विकेट के लिए यश ढुल के साथ 60 रन की साझेदारी करने के बाद राणा 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्रीज पर आए जॉन्टी सिद्धू ने यश का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 119 रन जोड़े। यश की इस पारी का अंत 113 रनों पर हुआ और वह एम मोहम्मद की गेंद पर आउट हो गए।
राज बावा ने भी बिखेरी चमक
अंडर-19 वर्ल्ड कप में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करने वाले राज अंगद बावा ने भी अपने रणजी डेब्यू में बढ़िया आगाज किया है। वर्ल्ड कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए राज बावा ने हैदराबाद के खिलाफ अपना डॉमेस्टिक क्रिकेट डेब्यू किया। उन्होंने हैदराबाद के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया।
राज बावा ने पहले तन्मय अग्रवाल और फिर अक्षत रेड्डी को वापस पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने 12 ओवर में दो मेडन फेंके और 35 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। शुरुआती झटकों के बाद भारतीय क्रिकेटर हनुमा विहारी ने एक छोर से हैदराबाद की पारी को संभाले रखा और अर्धशतक भी पूरा किया।
(नोट:- राज बावा ने खबर लिखे जाने तक दो विकेट लिए और अभी हैदराबाद की पारी जारी है)
गौरतलब है कि यश ढुल और राज अंगद बावा पांचवीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। कप्तान यश ढुल ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक भी जड़ा था। वहीं राजा बावा ने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट झटके थे और फिर बल्ले से भी महत्वपूर्ण रन बनाए थे। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में यश को दिल्ली कैपिटल्स ने और राज को पंजाब किंग्स ने खरीदा था।