प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 जुलाई 2023 को फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए फ्रांस के साथ अपने चार दशकों के दीर्घकालिक संबंधों के बारे में बताया। अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने भारत में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की बढ़ती लोकप्रियता पर भी ध्यान आकर्षित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से भारतीय प्रशंसकों के बीच फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कप्तान किलियन एमबाप्पे की बढ़ती लोकप्रियता पर प्रकाश डाला। समाचार एजेंसी एएनआई ने पीएम मोदी के हवाले से लिखा, फ्रांस के फुटबॉल खिलाड़ी किलियन एमबाप्पे भारत में युवाओं के बीच सुपरहिट हैं। उनकी पॉपुलैरिटी आप इंडिया आकर देखिए…। किलियन एमबाप्पे के जितने फैंस फ्रांस में नहीं होंगे उससे ज्यादा वह भारत में जाने जाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इतना कहना था कि हाल में उपस्थिति सभी लोग ताली बजाने लगे। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में स्विट्जरलैंड के टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर का भी जिक्र किया। एएनआई ने इसे लेकर अपने ट्विटर हैंडल एक वीडियो शेयर किया है। नीचे आप भी वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी को एमबाप्पे की लोकप्रियता के बारे में बात करते हुए और भारतीय समुदाय के लोगों को ताली बजाते हुए देख सकते हैं।

किलियन एमबाप्पे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे लोकप्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक हैं। फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ हैट्रिक ने दुनिया भर में उनकी लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में भारत के तेज गति से हो रहे विकास को भी रेखांकित किया। पीएम मोदी ने कहा कि जहां दुनिया एक नई व्यवस्था की ओर बढ़ रही है, वहीं भारत की ताकत और भूमिका भी बहुत तेजी से बदल रही है।

पीएम मोदी ने फ्रांस के मार्सिले में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देश में मास्टर्स करने वाले भारतीय छात्रों को अब अध्ययन के बाद पांच साल का वर्किंग वीजा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की दो दिन की यात्रा पर हैं। फ्रांस पहुंचने पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। फ्रांसीसी प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी की। फ्रांस में पीएम मोदी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।