इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के शुरू होने में अब 10 दिन से भी कम का समय बचा है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में आईपीएल 2021 कीा खिताब जीता था। साल 2022 धोनी का आखिरी आईपीएल माना जा रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह अपनी अगुआई में चेन्नई सुपरकिंग्स को लगातार दूसरा खिताब दिला पाते हैं या नहीं।
वहीं, विराट कोहली की अगुआई में खिताब से मरहूम रही रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की कमान इस बार फाफ डुप्लेसिस के हाथों में है। उन्होंने कप्तान बनने के बाद कहा था कि वह विराट कोहली की कप्तानी शैली नहीं अपना सकते। ऐसे में यह देखना भी दिलचस्प होगा कि आरसीबी जो पिछले 14 साल में नहीं कर पाई क्या वह अब कर पाएगी।
विराट कोहली की बात करें तो वह आईपीएल के इतिहास में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए सभी सीजन खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। विराट के अलावा 7 और खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट के सभी सीजन खेले हैं या खेलने वाले हैं। यानी आईपीएल 2022 के लिए भी टीम चुने गए हैं। खास यह है कि ऐसे कुल 8 खिलाड़ियों में से 4 विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। वहीं इस सूची में कुछ ऐसे नाम हैं, जो आपको चौंका सकते हैं। उदाहरण के तौर पर ऋद्धिमान साहा का नाम। साहा टी20 के मुकाबले टेस्ट क्रिकेट के खिलाड़ी के तौर पर ज्यादा प्रसिद्ध हैं।
विराट कोहली: विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक 207 मैच खेले हैं। उन्होंने ये सभी मुकाबले आरसीबी के लिए खेले हैं। इसमें उन्होंने 37.39 के औसत और 129.94 के स्ट्राइक रेट से 6283 रन बनाए हैं। इसमें उनके 5 शतक और 42 अर्धशतक शामिल हैं।
रोहित शर्मा: रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस और डेक्कन चार्जर्स के लिए आईपीएल में 213 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 31.17 के औसत और 130.39 के स्ट्राइक रेट से 5611 रन बनाए हैं। इसमें उनके 1 शतक और 40 अर्धशतक शामिल हैं।
शिखर धवन: शिखर धवन ने दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में 192 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 34.84 के औसत और 126.64 के स्ट्राइक रेट से 5784 रन बनाए हैं। इसमें उनके 2 शतक और 40 अर्धशतक शामिल हैं।
महेंद्र सिंह धोनी: विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जॉयंट्स के लिए आईपीएल में 220 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 39.55 के औसत और 135.83 के स्ट्राइक रेट से 4746 रन बनाए हैं। इसमें उनके 23 अर्धशतक शामिल हैं।
दिनेश कार्तिक: विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने दिल्ली डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडिंयस, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर, गुजरात लॉयंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए आईपीएल में अब तक 213 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 25.77 के औसत और 129.72 के स्ट्राइक रेट से 4046 रन बनाए हैं। इसमें उनके 19 अर्धशतक शामिल हैं।
रॉबिन उथप्पा: विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने मुंबई इंडिंयस, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए आईपीएल में अब तक 193 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 27.94 के औसत और 130.15 के स्ट्राइक रेट से 4722 रन बनाए हैं। इसमें उनके 25 अर्धशतक शामिल हैं।
ऋद्धिमान साहा: विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने कोलकाता नाइटराइडर्स, चेन्नई सुपरकिंग्स, किंग्स इलेवन पंजाब, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात लॉयंस के लिए आईपीएल में अब तक 133 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 24.53 के औसत और 128.73 के स्ट्राइक रेट से 2110 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
मनीष पांडे: मनीष पांडे ने मुंबई इंडिंयस, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइटराइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए आईपीएल में अब तक 154 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 30.68 के औसत और 121.83 के स्ट्राइक रेट से 3560 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं।