New Zealand vs South Africa World Cup 2023 Playing 11 Prediction: आईसीसी विश्व कप 2023 का 32वां मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एक नवंबर को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाना है। विश्व कप 2023 में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ही सेमीफाइनल में प्रवेश की प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में पुणे में दोनों टीमों के बल्लेबाजों के बीच का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

अनुभव और युवा जोश का भी मुकाबला

विश्व कप 2023 के अधिकांश मुकाबले एकतरफा रहे हैं, लेकिन अगर दो करीबी मुकाबले चुने जाएं तो चेन्नई में साउथ अफ्रीका की पाकिस्तान पर एक विकेट से जीत और न्यूजीलैंड तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया मुकाबला रोमांचक थे। न्यूजीलैंड के 6 मैच में 8 अंक हैं। साउथ अफ्रीका के 6 मैच में 10 अंक हैं। एमसीए स्टेडियम पर स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। बल्लेबाजों में यह मुकाबला अनुभव और युवा जोश का भी है।

हेनरिक क्लासेन बनाम जिमी नीशम

अपना आखिरी विश्व कप खेल रहे साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक 3 शतक समेत 431 रन बना चुके हैं। वहीं युवा रचिन रविंद्र ने न्यूजीलैंड के लिए 406 रन बनाए हैं। वह इसके अलावा वह अच्छे स्पिनर होने के कारण संपूर्ण पैकेज हैं। साउथ अफ्रीका के पास अगर पावर हिटर हेनरिक क्लासेन हैं तो न्यूजीलैंड के पास जिमी नीशम हैं। डेविड मिलर साउथ अफ्रीका के लिए एक्स फैक्टर हैं तो डेरिल मिचेल न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को गहराई देते हैं।

एडेन मार्कराम बनाम ग्लेन फिलिप्स

एडेन मार्कराम की तुलना ग्लेन फिलिप्स से हो सकती है, क्योंकि शानदार बल्लेबाज होने के साथ दोनों उम्दा स्पिनर भी हैं। दोनों कप्तानों टेम्बा बावुमा और टॉम लैथम में भी विरोधी आक्रमण को नेस्तनाबूद करने का माद्दा है। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका को कगिसो रबाडा के फिट होने की उम्मीद होगी जो पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।

रबाडा के होने से साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी

कगिसो रबाडा की मौजूदगी ही विरोधी टीम को भयभीत करने के लिए काफी है। उनके होने से गेराल्ड कोएत्जी और मार्को यानसेन जैसे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा। साउथ अफ्रीका के पास बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर तबरेज शम्सी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ शम्सी प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।

पुणे के एमसीए स्टेडियम में इन खिलाड़ियों के साथ उतर सकती हैं साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें

न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन: विल यंग, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (कप्तान और विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन, ट्रेंट बोल्ट।

साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रॉसी वैन डेर डुसेन, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, गेराल्ड कोएत्जी, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी।

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 की ताजा अंक तालिका देखने के लिए यहां क्लिक करें
यहां क्लिक करें देखें आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 का पूरा शेड्यूल
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के आंकड़ों पर नजर डालने के लिए यहां क्लिक करें