Mumbai Police Arrested Vinod Kambli: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त विनोद कांबली को शराब के नशे में कार को टक्कर मारने के आरोप में रविवार यानी 27 फरवरी 2022 को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार एंजेसी पीटीआई की खबर के मुताबिक, कांबली ने रविवार दोपहर मुंबई के बांद्रा स्थित अपनी रिहायशी सोसाइटी के गेट पर अपनी गाड़ी कथित रूप से भिड़ा दी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कांबली ने घटना के बाद परिसर के चौकीदार और कुछ निवासियों से कथित रूप से बहस भी की। उन्हें बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि कांबली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 336 (अन्य लोगों की ज़िदंगी और सुरक्षा को खतरे में डालना) तथा 427 (ऐसी हरकत करना जिससे नुकसान हो) के तहत बांद्रा थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।

यह पहली बार नहीं हैं जब कांबली पर इस तरह के आरोप लगे हैं। साल 2015 में कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट पर नौकरानी ने गंभीर आरोप लगाए थे। तब दोनों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी।

विनोद कांबली और एंड्रिया हेविट पर आरोप थे कि पैसे मांगने पर उन्होंने नौकरानी को तीन दिन तक कमरे में बंद रखा था। हालांकि, कुछ समय बाद कांबली और हेविट ने मामले को नया मोड़ दिया था। दोनों ने नौकरानी पर ड्रग्स लेने का आरोप लगाया था।

बता दें कि सचिन और विनोद कांबली की दोस्ती वर्षों पुरानी है। दोनों समय-समय पर साथ में देखे जाते रहे हैं। सचिन ने 18 जनवरी 2022 को कांबली को उनके 50वें जन्मदिन पर खास अंदाज में शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कांबली के साथ वाली बचपन की एक तस्वीर शेयर की थी।

सचिन तेंदुलकर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, ‘जन्मदिन मुबारक हो कांबल्या! मैदान के अंदर और बाहर हमारे पास जो अनगिनत यादें हैं, इनमें से कुछ ऐसी हैं जिन्हें मैं हमेशा संजो कर रखूंगा। 50 साल का होने पर कैसा महसूस होता है, इस पर आपसे सुनने के लिए उत्सुक हैं…। गॉड ब्लेस यू!’