आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने 8 साल पुराने गेंदबाजी कोच को अलविदा कह दिया है। दरअसल, न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड का मुंबई इंडियंस के साथ सफरनामा खत्म हो गया। 2015 से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए शेन बॉन्ड का बुधवार को कार्यकाल समाप्त हो गया। फ्रेंचाइजी ने पहले ही लसिथ मलिंगा को आईपीएल के अगले सीजन के लिए अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त कर दिया था।

शेन बॉन्ड के रहते ही मुंबई ने जीते 5 में से 4 टाइटल

पांच बार आईपीएल चैंपियन रही मुंबई इंडियंस ने 4 टाइटल शेन बॉन्ड के गेंदबाजी कोच रहते हुए ही हासिल की थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या जैसे स्टार प्लेयर फ्रेंचाइजी को दिए, जो आगे बढ़कर टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी बने। साथ ही उन्होंने आकाश मधवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को भी निखारा है। शेन बॉन्ड का आगे का क्या प्लान है? इसके बारे में कोई जानकारी अभी नहीं है। शेन बॉन्ड ने मुंबई इंडियंस अमीरात के हेड कोच से भी इस्तीफा दे दिया है।

इस फ्रेंचाइजी के साथ यादगार समय बिताया- शेन बॉन्ड

शेन बॉन्ड ने एक बयान जारी कर कहा है, “पिछले 9 सीजन में मैं मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा रहा, इसके लिए अंबानी परिवार का धन्यवाद। इस फ्रेंचाइजी के साथ बेहतरीन अनुभव रहा। मैदान के भीतर या बाहर काफी अच्छी यादें इस टीम के साथ रही। इस फ्रेंचाइजी के साथ मैंने कई महान खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। मुझे उन सभी की कमी खलेगी। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

अगस्त में नियुक्त हुए थे लसिथ मलिंगा

बता दें कि मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने अगस्त 2024 में लसिथ मलिंगा को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया था। लसिथ मलिंगा ने 2021 में आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी। मलिंगा मुंबई इंडियंस के ही साथ खेले थे। आईपीएल से रिटायरमेंट के बाद लसिथ मलिंगा 2023 तक राजस्थान रॉयल्स के साथ काम करते रहे। आखिरकार 2024 सीजन के लिए उनकी घर वापसी हो गई।