टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगभग 9 महीने से पेशेवर क्रिकेटर से दूर हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। कोरोनावायरस के कारण पूरा देश 3 मई तक के लिए लॉकडाउन है। यूं तो धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए है, लेकिन उनमें से कुछ ऐसे भी रिकॉर्ड हैं जिसके बारे में कम ही लोगों को पता होगा या याद होगा। माही के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे तोड़ना मुश्किल है।
धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नॉटआउट रहने वाले बल्लेबाज हैं। वे कुल 142 पारियों में नाबाद ही पवेलियन लौटे हैं। इस मामले में वे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान शॉन पोलाक और श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास से काफी हैं। धोनी को छोड़कर ये तीनों खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं। पोलाक 113, वास 108 और दिग्गज बल्लेबाज स्टीव वॉ 104 पारियों में नाबाद रहे हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली 70 और रोहित शर्मा 54 बार नाबाद रहे हैं।
सिर्फ वनडे मैचों की बात की जाए तो धोनी 84 बार नाबाद लौटे हैं। इस मामले में वे पोलाक (72) और अपने दौर के बेस्ट फिनिशर माने जाने वाले ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज माइकल बेवन (67) हैं। वनडे में कोहली 39 और रोहित शर्मा 32 बार नाबाद रहे हैं। वहीं, टी20 में भी धोनी ही सबसे आगे हैं। वे 42 बार नाबाद रहे हैं। इस मामले में उनके बाद पाकिस्तान शोएब मलिक (31) और दक्षिण अफ्रीका के जेपी डुमिनि (25) का नंबर है। टी20 में कोहली 21, रोहित 15 बार नाबाद रहे हैं।
हालांकि, टेस्ट में धोनी पहले स्थान पर नहीं है। वे सिर्फ 16 बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं। क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर शिवनारायण चंद्रपॉल के नाम ये रिकॉर्ड दर्ज है। वे 49 बार नाबाद रहे हैं। उनके बाद स्टीव वॉ 46, एलेन बॉर्डर 44 और जैक कालिस 40 बार नाबाद रहे हैं। इस फॉर्मेट में कोहली 10 और रोहित शर्मा सिर्फ 7 बार ही नाबाद रहे हैं। दोनों को धोनी के इस अनोखे रिकॉर्ड को तोड़ने में मुश्किल होगी।