चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वापस मैदान पर उतर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 की तैयारी शुरू कर दी है। धोनी इन दिनों चेन्नई में हैं। अभ्यास के दौरान वे अपने पुराने अंदाज में नजर आए। चेन्नई सुपरकिंग्स ने उनका एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी लगातार लंबे-लंबे शॉट्स लगा रहे हैं। आईपीएल का 14वां सीजन 9 अप्रैल से शुरू होगा। चेन्नई का पहला मुकाबला 10 अप्रैल को मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

धोनी हाल ही में चेन्नई पहुंचे हैं। उनके वहां पहुंचने के बाद से सीएसके के सोशल मीडिया पर धोनी छाए हुए हैं। वीडियो में वे अपने पुराने रंग में दिख रहे हैं और वे गेंद पर जोरदार प्रहार कर रहे हैं। उनके शॉट को देखकर अंबाती रायुडू हैरान दिखाई दे रहे हैं। इंस्टाग्राम पर धोनी की बल्लेबाजी वाले वीडियो को अब तक 5 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। उनके साथ ऋतुराज गायकवाड़, नारायण जगदीशन, साई किशोर, सी हरि निशांत भी ट्रेनिंग कर रहे हैं।

हरि निशांत को इस साल टीम के साथ जोड़ा गया है। उन्हें सीएसके ने नीलामी में 20 लाख रुपए में खरीदा था। निशांत ने अपने इंस्टाग्राम पर धोनी के साथ तस्वीर की। उन्होंने लिखा, ‘‘आपको (धोनी) आदर्श बनाकर बड़ा हुआ हूं। चेन्नई सुपरकिंग्स और भारतीय टीम के लिए प्रेशर में कई मैच जिताए हैं। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना सम्मान की बात है। सपना सच हो गया।’’

यह पहली बार होगा जब धोनी आईपीएल 2020 के बाद से किसी टूर्नामेंट में दिखाई देंगे। पिछला आईपीएल यूएई में आयोजित किया गया था। सीएसके ने पिछले साल चेन्नई में IPL 2020 की तैयारी के लिए एक ट्रेनिंग सेशन रखा था। उसके दो खिलाड़ी टूर्नामेंट से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे। पिछले सीजन में टीम के दो सीनियर खिलाड़ी सुरेश रैना और हरभजन सिंह टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बने थे। टीम सातवें स्थान पर रही थी। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार चेन्नई प्लेऑफ में नहीं पहुंचा था।