आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2023 के 54वें मैच में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल 2023 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई। उसके अब 11 मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं। उससे ऊपर चेन्नई सुपर किंग्स (13 अंक) और गुजरात टाइटंस (16 अंक) हैं।

यह मैच मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 199 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 16.3 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में पूरे किए 100 छक्के

मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंद में 83 रन ठोके। सूर्यकुमार ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 6 छक्के लगाए। उनके आईपीएल में 100 छक्के भी हो गए हैं। उन्होंने 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल 2023 में यह उनका चौथा अर्धशतक है। खास यह है कि ये सभी अर्धशतक लक्ष्य का पीछा करते हुए आए हैं।

Match Ended

Indian Premier League, 2023

Mumbai Indians 
200/4 (16.3)

vs

Royal Challengers Bangalore  
199/6 (20.0)

Match Ended ( Day – Match 54 )
Mumbai Indians beat Royal Challengers Bangalore by 6 wickets

सूर्यकुमार यादव के अलावा नेहल वढेरा ने भी लगातार दूसरा आईपीएल अर्धशतक लगाया। वह 34 गेंद में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 3 छक्के लगाए। मुंबई के लिए इशान किशन ने भी तूफानी पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 21 गेंद में 42 रन ठोके।

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से ग्लेन मैक्सवेल और कप्तान फॉफ डुप्लेसिस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। ग्लेन मैक्सवेल ने 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 33 गेंद में 68 रन बनाए। डुप्लेसिस ने 5 चौके और 3 छक्के के दम पर 41 गेंद में 65 रन बनाने में सफल रहे।

मैक्सवेल ने डुप्लेसिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 गेंद में 120 रन की साझेदारी की। हालांकि, इन दोनों के अलावा आरसीबी की ओर से दिनेश कार्तिक (18 गेंद, 30 रन, 4 चौके और एक छक्का) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। मैच की बॉल टू बॉल कॉमेंट्री के लिए यहां क्लिक करें।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats

Live Updates

Mumbai Indians vs Royal Challengers Bangalore IPL 2023: आरसीबी ने 2015 के बाद से वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ कोई मैच नहीं जीता है।

23:34 (IST) 9 May 2023
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस को दिलाई यादगार जीत

पहले इशान किशन ने आक्रमण किया और जब दो विकेट गिरे तो सूर्यकुमार यादव ने नेहाल वढेरा को समझाते हुए बल्‍लेबाजी की। नेहाल आक्रमण करते रहे। सही समय आने पर सूर्यकुमार यादव ने गियर बदला और एक यादगार जीत दिलाकर ले गए। सूर्यकुमार यादव और नेहाल वढेरा ने कमाल की बल्‍लेबाजी की।

23:10 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: टिम डेविड हुए गोल्डन डक

सूर्यकुमार यादव की जगह टिम डेविड बल्लेबाजी के लिए आए। विजयकुमार वैशाक की यह गेंद चौथे स्‍टम्प पर नकल बॉल थी। टिम डेविड ने इसे उठाकर खेला, लेकिन लॉन्ग ऑफ पर ग्लेन मैक्सवेल के हाथों लपके गए। उनकी जगह कैमरन ग्रीन बल्लेबाजी के लिए आए हैं। कैमरन ग्रीन ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। मुंबई को अब जीत के लिए 4 ओवर में 7 रन चाहिए। मुंबई का 16 ओवर में स्कोर 3 विकेट पर 193 रन है।

23:07 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: सूर्यकुमार यादव ने बनाया आईपीएल का अपना सर्वोच्च स्कोर

सूर्यकुमार यादव बहुत जल्दी में मैच खत्म करने को लग रहे थे। उन्होंने 16वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का, दूसरी गेंद पर चौका, तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। वह अगली गेंद पर भी छक्का लगाना चाहते थे, लेकिन डीप स्‍क्‍वायर लेग पर केदार जाधव के हाथों लपके गए। वह 35 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव का आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर है। अब मुंबई को जीत के लिए 26 गेंद में 8 रन की दरकार है। उसका स्कोर 15.4 ओवर में 3 विकेट पर 192 रन है।

23:01 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मुंबई इंडियंस जीत की राह पर

सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा के बीच 61 गेंद में 121 रन की साझेदारी हो चुकी है। मुंबई इंडियंस का स्कोर 15 ओवर के बाद 2 विकेट पर 174 रन है। सूर्यकुमार यादव के 31 गेंद में 67 रन हैं और नेहल वढेरा के 31 गेंद में 45 रन हैं। उसे जीत के लिए 30 गेंद में 26 रन चाहिए।

22:55 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन का जड़ा चौथा अर्द्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2023 का अपना चौथा अर्द्धशतक जड़ दिया है। सूर्या ने 26 गेंदों में यह अर्द्धशतक पूरा किया। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं दूसरी तरफ नेहल वढेरा भी 40 रन पर नाबाद हैं।

22:51 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मुंबई को जीत के लिए 42 में 59 रन की जरूरत

13 ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई का स्कोर 140/2 है। सूर्यकुमार यादव 22 में 39 रन पर और नेहल वढेरा 28 में 40 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 79 रन की साझेदारी हो गई है। मुंबई को अभी भी जीत के लिए 42 गेंदों में 59 रन की जरूरत है।

22:38 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 99/2

रोहित शर्मा और इशान किशन का विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा ने मुंबई की पारी को संभाल लिया है। 10 ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई का स्कोर 99/2 है। सूर्यकुमार 14 में 18 रन पर और नेहल वढेरा 17 में 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। मुंबई को अभी भी जीत के लिए 60 गेंदों में 101 रन की जरूरत है।

22:20 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: पावरप्ले में मुंबई का स्कोर 62/2

पावरप्ले खत्म होने के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 62/2 है। पावरप्ले में रोहित शर्मा (7) और इशान किशन (42) का विकेट गिरा। क्रीज पर अभी सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा बल्लेबाजी कर रहे हैं।

22:10 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: इशान के तुरंत बाद रोहित भी आउट

रोहित शर्मा का बल्ला आज फिर नहीं चला। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा 7 रन बनाकर आउट हो गए हैं। हसरंगा ने मुंबई को एक ही ओवर में इशान और रोहित के रूप में दो बड़े झटके दिए। 5 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 52/2 है।

22:04 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: इशान किशन अर्द्धशतक से चूके

इशान किशन के रूप में मुंबई को पहला झटका लगा है। इशान किशन 21 गेंदों में 42 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हुए हैं। वानिंदु हसरंगा ने उनका विकेट लिया। इशान ने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के जड़े। 5 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 52 रन है।

21:55 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: इशान और रोहित की आक्रामक शुरुआत

200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को शुरुआत अच्छी मिली है। इशान किशन और रोहित शर्मा ने पहले 3 ओवर के अंदर स्कोरबोर्ड पर 33 रन लगा दिए हैं। इशान 14 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद हैं तो वहीं रोहित 7 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

21:31 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: बैंगलोर ने मुंबई को दिया 200 का लक्ष्य

आईपीएल 2023 का 54वां मैच मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को 200 रन का लक्ष्य दिया है। बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 199 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। ग्लेन मैक्सवेल ने 33 गेंदों में 68 रन की पारी खेली तो वहीं डुप्लेसिस ने भी 41 गेंदों में 65 रन बनाए। दिनेश कार्तिक ने भी 18 गेंदों में 30 रन की पारी खेलकर अच्छा फिनिश टच दिया। मुंबई की तरफ से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं जॉर्डन, कार्तिकेय और ग्रीन को 1-1 सफलता मिली।

21:15 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: दिनेश कार्तिक एक अच्छी पारी खेलकर आउट

विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप में आरसीबी को छठा झटका लग गया है। क्रिस जॉर्डन ने कार्तिक को आउट किया। कार्तिक 18 गेंदों में 30 रन की पारी खेलकर आउट हुए। क्रीज पर केदार जाधव के साथ वानिंदु हसरंगा बल्लेबाजी कर रहे हैं।

21:03 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: 16 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर 161/5

16 ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 161/5 है। क्रीज पर केदार जाधव 5 गेंदों में 8 और दिनेश कार्तिक 7 गेंदों में 8 रन बनाकर खेल रहे हैं। केदार जाधव बतौर इम्पैक्ट प्लेयर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

20:52 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: डुप्लेसिस 65 रन बनाकर आउट

मुंबई इंडियंस के कैमरून ग्रीन ने आरसीबी को बहुत बड़ा झटका दे दिया है। 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर फाफ डुप्लेसिस बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए हैं। डुप्लेसिस ने 41 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली। आरसीबी का स्कोर 150/5 है। डुप्लेसिस का विकेट गिरने के बाद केदार जाधव इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने आए हैं।

20:45 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: आरसीबी को लगा चौथा झटका

कुमार कार्तिकेय ने आरसीबी को चौथा झटका देने का काम किया है। उन्होंने महिपाल लोमरोर को 1 रन पर ही पवेलियन भेज दिया। 14 ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 146/4 है। क्रीज पर दिनेश कार्तिक (1) और डुप्लेसिस (65) खेल रहे हैं।

20:41 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: आरसीबी को लगा तीसरा झटका

मुंबई के तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडोर्फ ने आरसीबी को तीसरा झटका दिया है। ग्लेन मैक्सवेल 68 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हो गए हैं। बेहरेनडोर्फ के खाते में यह तीसरी सफलता है। डुप्लेसिस 60 रन पर अभी भी नाबाद हैं। वहीं मैक्सवेल का विकेट गिरने के बाद लोमरोर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

20:30 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मैक्सवेल और डुप्लेसिस के अर्द्धशतक पूरे

आरसीबी की ओर से ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डुप्लेसिस लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैक्सवेल के बाद डुप्लेसिस ने भी इस सीजन का छठा अर्द्धशतक जड़ दिया है। 11 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 119/2 है। मैक्सवेल 29 गेंदों में 59 और डुप्लेसिस 30 गेंदों में 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

20:22 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: आरसीबी का स्कोर 10वें ओवर में ही 100 के पार

विराट कोहली और अनुज रावत के आउट होने के बाद मैक्सवेल और डुप्लेसिस ने ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की है कि आरसीबी का स्कोर 10वें ओवर में ही 100 के पार चला गया है। इन दोनों बल्लेबाजों की बैटिंग देख यही लग रहा है कि कि दो विकेट जल्दी गिरने से उनपर कोई दबाव नहीं पड़ा। 10 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 104/2 है।

20:12 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मैक्सवेल और डुप्लेसिस की तूफानी बल्लेबाजी

पावरप्ले में विराट कोहली और अनुज रावत का विकेट गिरने के बाद ग्लेन मैक्सवेल और डुप्लेसिस ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया है। इन दोनों ने 25 गेंदों के अंदर ही अर्द्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। 8 ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 82/1 है।

20:04 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: पावरप्ले में आरसीबी ने गंवाए 2 बड़े विकेट

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवाने के बाद भी 56 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। विराट कोहली (1) और अनुज रावत (6) का विकेट गिरने के बाद ग्लेन मैक्सवेल और डुप्लेसिस ने तूफानी बल्लेबाजी की। मैक्सवेल 23 और डुप्लेसिस 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई की ओर से जेसन बेहरेनडोर्फ ने दोनों विकेट लिए हैं।

19:44 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: बैंगलोर को लगा दूसरा झटका

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को दूसरा झटका लग गया है। विराट कोहली के बाद तीन नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अनुज रावत भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। जेसन बेहरेनडोर्फ ने ही उनका विकेट लिया। कोहली को भी बेहरेनडोर्फ ने ही आउट किया था।

19:37 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: कोहली 1 रन बनाकर आउट

आरसीबी को पहले ही ओवर में लगा बड़ा झटका। विराट कोहली 1 रन बनाकर लौटे पवेलियन। विराट कोहली को बेहरेनड्रॉफ ने किया कैच आउट। इससे पहले वाली गेंद पर वढेरा ने मिड विकेट पर उनका कैच ड्रॉप किया था। यह बहुत आसान सा कैच था।

19:30 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: बैंगलोर के लिए पहला मैच खेल सकते हैं केदार जाधव

हाल ही में आरसीबी के साथ जुड़े केदार जाधव रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से अपना पहला मैच खेल सकते हैं, क्योंकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में केदार जाधवा को इम्पैक्ट प्लेयर की लिस्ट में रखा है। केदार मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने आ सकते हैं।

19:10 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, नेहल वढेरा, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, जेसन बेहरेनडोर्फ

इम्पैक्ट प्लेयर्स: रमनदीप सिंह, ट्रिस्टन स्टब्स, विष्णु विनोद, संदीप वारियर, राघव गोयल

19:09 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: बैंगलोर की प्लेइंग इलेवन

विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), वानिंदु हसरंगा, हर्षल पटेल, विजय कुमार वैशाक, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड

इम्पैक्ट प्लेयर: केदार जाधव, माइकल ब्रेसवेल, सुयश प्रभुदेसाई, कर्ण शर्मा, शाहबाज़ अहमद

19:07 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB Live: मुंबई ने टॉस जीतकर लिया गेंदबाजी का फैसला

आईपीएल 2023 के 54वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के खिलाफ टॉस जीत लिया है और पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। जोफ्रा आर्चर की जगह टीम में आए क्रिस जॉर्डन को मुंबई की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। क्रिस जॉर्डन पहली बार मुंबई के लिए आईपीएल मैच खेलेंगे।

18:13 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पूरी टीम

फाफ डुप्लेसिस, विराट कोहली, सुयश प्रभुदेसाई, महिपाल लोमरूर, ग्लेन मैक्सवेल, माइकल ब्रेसवेल, मनोज भनडागे, केदार जाधव, वानिंदु हसरंगा, शाहबाज अहमद, डेविड विले, वेन पार्नेल, फिन एलन, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक, आकाश दीप, अविनाश सिंह, जोश हेजलवुड, सिद्धार्थ कौल, मोहम्मद सिराज, हर्षल पटेल, राजन कुमार, हिमांशु शर्मा, कर्ण शर्मा, सोनू यादव, विजयकुमार व्यास्क

18:08 (IST) 9 May 2023
MI vs RCB: मुंबई इंडियंस की पूरी टीम

रोहित शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, डेवाल्ड ब्रेविस, रमनदीप सिंह, तिलक वर्मा, नेहल वाढेरा, ऋतिक शौकिन, कुमार कार्तिकेय, अर्जन तेंदुलकर, ट्रिस्टन स्टब्स, विष्णु विनोद, अर्शद खान, जेसन बेहरेनड्रॉफ, पीयूष चावला, दुआन जेनसेन, राघव गोयल, संदीप वॉरियर, आकाश मधवाल, रिले मेरिडिथ, क्रिस जॉर्डन

आईपीएल 2023 की अंक तालिका में अभी मुंबई इंडियंस की स्थिति ऐसी है कि यह टीम 10 पॉइंट्स के साथ 8वें पायदान पर है तो वहीं आरसीबी के भी 10 पॉइंट्स हैं, लेकिन आरसीबी नेट रन रेट में पीछे होने की वजह से 8वें पायदान पर है। आरसीबी ने सीजन के 10 मैच खेले हैं, जिसमें से 5 में जीत और 5 में उसे हार मिली है। वहीं मुंबई की टीम ने बी 10 मैच खेले हैं और 5 में जीत तो वहीं 5 में हार मिली है। मुंबई इंडियंस की शुरुआत इस सीजन में अच्छी नहीं रही थी। मुंबई ने लगातार दो मैच हारे थे और उसके बाद लगातार तीन मैच जीते थे। आरसीबी ने 2015 के बाद से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोई मैच भी नहीं जीता है।