MI vs RCB IPL 2024: आईपीएल 2024 के 25वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ होगा। इस सीजन में दोनों की ही टीमों की स्थिति अब तक अच्छी नहीं हैं और दोनों टीमों के सिर्फ 2-2 अंक हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि ये मैच बेदह रोमांचक होने वाला है और इसमें सबकी नजर विराट कोहली पर बनी रहेगी जो अपने प्राइम फॉर्म में चल रहे हैं साथ ही आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

कोहली ने पिछले मैच में अपनी टीम के लिए शतकीय पारी खेली थी और ये उनका आईपीएल का 8वां शतक भी था। अब एमआई के खिलाफ कोहली अगर इतने रन की पारी खेल लेते हैं तो वो आईपीएल में इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब विराट कोहली

मुंबई के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम पर दर्ज हैं जिन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक खेले 28 मैचों में 901 रन बनाए हैं। विराट कोहली अगर मुंबई के खिलाफ मैच में 50 रन बना लेते हैं तो वो आईपीएल में मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और धवन पीछे छूट जाएंगे। वैसे विराट कोहली जिस तरह की फॉर्म में चल रहे हैं उसे देखकर ऐसा लगता है कि वो इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने में कामयाब हो जाएंगे। कोहली ने आईपीएल में मुंबई के खिलाफ अब तक 32 मैचों में 852 रन बनाए हैं।

आईपीएल में मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

शिखर धवन- 28 मैच – 901 रन
केएल राहुल- 16 मैच- 867 रन
विराट कोहली- 32 मैच- 852 रन

250 छक्के पूरे करने के इतने दूर कोहली

विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक खेले 242 मैचों में 7579 रन बनाए हैं और वो इस लीग में 250 छक्के पूरे करने से सिर्फ 4 छक्के दूर हैं। मुंबई के खिलाफ 4 छक्के लगाते ही वो इस आंकड़े को छू लेंगे और आईपीएल में 250 छक्के लगाने वाले क्रिस गेल, रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स के बाद चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली ने इस लीग में अब तक 242 मैचों में 246 छक्के लगाए हैं। अगर वो मुंबई के खिलाफ इस मैच में 6 छक्के लगा देते हैं तो वो आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ जाएंगे जहां 252 छक्कों के साथ एबी मौजूद हैं।