हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में अपना आखिरी लीग मैच लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ खेलेगी। ये मुंबई का आखिरी यानी 14वां लीग मैच होगा और क्या ये मैच इस टीम के पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा के लिए आखिरी मैच होगा ये बड़ा सवाल है।

आईपीएल 2024 से ठीक पहले मुंबई फ्रेंजाइजी ने रोहित शर्मा को जिस तरह से हटाकर उनकी जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाया था उसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि रोहित शर्मा इस टीम से अलग भी हो सकते हैं। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि रोहित शर्मा आईपीएल के अगले सीजन में किसी अन्य टीम के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

रोहित क्यों छोड़ सकते हैं मुंबई फ्रेंचाइजी

रोहित शर्मा के मुंबई फ्रेंचाइजी छोड़ने के पीछे कई कारण हैं और इसमें सबसे बड़ा कारण है उनसे कप्तानी छिन जाना। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई की टीम 5 बार चैंपियन बनी और अचानक से उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया। यहां पर एक बात गौर करने वाली ये है कि धोनी ने 41 साल की उम्र तक सीएसके टीम की कप्तानी की थी और इस सीजन में उन्होंने अपनी मर्जी से सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी और उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया था। धोनी की कप्तानी में सीएसके का प्रदर्शन भी किसी-किसी सीजन में बेहद खराब रहा था, लेकिन उनसे इस तरह से कप्तानी छीनी नहीं गई जिस तरह से रोहित शर्मा को हटाया गया।

रोहित शर्मा इस वक्त टीम इंडिया के हर प्रारूप के कप्तान हैं और वो टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। इस स्थिति में मुंबई फ्रेंचाइजी ने रोहित पर भरोसा दिखाने के बजाए उन्हें कप्तानी से ही बाहर कर दिया। जाहिर है रोहित इस बात को जाहिर नहीं करते हैं, लेकिन इसका प्रभाव पूरी टीम पर दिखा और ऐसा माना जा रहा है कि टीम दो खेमें में बंट चुकी है जिसमें भारतीय खिलाड़ी रोहित का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं विदेशी खिलाड़ी हार्दिक का समर्थन कर रहे हैं। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का इस सीजन में बुरा हाल रहा है और टीम की स्थिति सबके सामने है।

लय में लौटने की कोशिश करेंगे रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने पिछले 6 मैचों में काफी खराब बल्लेबाजी की है और उनकी कोशिश रहेगी कि वो इस सीजन के आखिरी मैच में मुंबई के लिए रन बनाएं। उनका फॉर्म में लौटना और रन बनाना ना सिर्फ मुंबई के लिए अच्छा होगा बल्कि टीम इंडिया के लिहाज से भी ये अच्छा होगा क्योंकि इसके बाद टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हिस्सा लेना है। रोहित अगर आखिरी मैच में रन बनाते हैं तो वो बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ टी20 वर्ल्ड कप में उतरेंगे। वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा का चलना भारत के लिहाज से अच्छा होगा नहीं तो टीम के लिए मुश्किल बढ़ेगी। रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए पिछले 6 मैचों में 6,8,4,11,4,19 रन की पारी खेली है।