इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से मुंबई इंडियंस (MI) की हार के बाद हार्दिक पंड्या के बयान के बाद यह बहस छिड़ गई है कि कप्तान के तौर पर उन्हें समर्थन नहीं मिल रहा। वह अकेला महसूस कर रहे हैं। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बेहतरीन शतक के बावजूद हार ने मुंबई इंडियंस खेमे में कुछ मुद्दों को उजागर कर दिया है।
चेन्नई के खिलाफ मुंबई की हार के बाद पंड्या ने स्टंप के पीछे से महेंद्र सिंह धोनी के प्रभाव की सराहना करते हुए कहा, “यह (टारगेट) निश्चित रूप से प्राप्त करने योग्य था, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। पथिराना अंतर थे। उन्होंने अपनी योजनाओं और दृष्टिकोण चतुराई से इस्तेमाल किया। स्टंप के पीछे एक आदमी है (धोनी) जो उन्हें बताता है कि क्या कारगर है। इससे मदद मिलती है। गेंद थोड़ी थमकर आ रही थी और मुश्किल हो रही थी। यह अच्छी बल्लेबाजी करने और इंटेंट बनाए रखने पर सबकुछ निर्भर था।”
धोनी के बारे में कही गई बात दिलचस्प
मैच के बाद क्रिकबज को शो में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट ने पंड्या के बयान को मुंबई इंडियंस टीम के भीतर अलगाव की भावना का संकेत बताया। उन्होंने कहा, “धोनी के बारे में कही गई बात दिलचस्प है। यह मुझे बताती है कि वह इस समय अकेला महसूस कर रहे हैं। हो सकता है कि हार्दिक पंड्या अपने आसपास समर्थन महसूस नहीं कर रहे हों।”
मुंबई इंडियंस के भीतर अनिश्चितता और झिझक
गिलक्रिस्ट ने कहा, “विपक्षी टीम के बारे में उनका (पंड्या) मानना है कि वह कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को श्रेय नहीं दे रहे हैं। वह कह रहे हैं कि उन्हें (गायकवाड़ को) पीछे से समर्थन मिला है। यह मुझे इस समय हार्दिक की मानसिकता के बारे में कुछ बताता है। यह मुंबई इंडियंस के भीतर अनिश्चितता और झिझक को भी दर्शाता है।
गिलक्रिस्ट की बातों का डॉल ने किया समर्थन
गिलक्रिस्ट की बातों का न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर साइमन डॉल ने समर्थन किया। उन्होंने टीम के डायनमिक्स में अंतर के बारे में बताया। डॉल ने धोनी से गायकवाड़ को मिल रही सहायता और रोहित शर्मा के कथित असंतोष के बीच अंतर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “नया बंदा (पंड्या) शायद अपनी छाप छोड़ने की कोशिश कर रहा है। वह शायद चीजों को अलग तरीके से करने की कोशिश कर रहा है क्योंकि वह जानता है कि अतीत में वहां क्या हुआ था। यदि टीम का कुछ हिस्सा यह नहीं समझ पा रहा है कि वह टीम से क्या चाहते हैं। ऐसे में यह बहुत मुश्किल हो सकता है। आपके पास अभी भी पूर्व कप्तान हैं। एक थोड़ा असंतुष्ट हो सकता है, लेकिन दूसरा एक युवा की मदद कर रहा है। यह थोड़ा सा अंतर हो सकता है।”