मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन 8 अप्रैल 2023 को पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सम्मानित करेगा। यह दिन न सिर्फ धोनी के लिए बल्कि हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण रहेगा। दरअसल, एमसीए ने तय किया है कि 2 अप्रैल 2011 की तारीख को यादगार बनाने के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक मेमोरियल की स्थापना होगी, जिसका उद्घाटन धोनी के हाथों ही कराया जाएगा। दो अप्रैल 2011 के दिन ही भारत ने 28 साल बाद विश्व कप जीता था और धोनी ने विनिंग सिक्स लगाकर भारत को चैंपियन बनाया था।

8 अप्रैल को वानखेड़े में होगी CSK और MI की भिड़ंत

दो दिन पहले ही उस ऐतिहासिक क्षण के 12 साल पूरे हुए हैं और इसीलिए उस क्षण को और यादगार बनाने के लिए एमसीए उसी स्टैंड में मेमोरियल की स्थापना कर रहा है, जहां धोनी के विनिंग शॉट के बाद गेंद जाकर गिरी थी। 8 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच होगा और उसी मैच से पहले धोनी के हाथों उस स्मारक का उद्घाटन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, MCA उस सीट को रिजर्व करेगा जिस जगह धोनी के शॉट के बाद गेंद जाकर गिरी थी। उसी पल की याद में उस स्टैंड पर स्मारक बनेगा।

MCA अध्यक्ष ने इंडियन एक्सप्रेस को दी जानकारी

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने उस सीट को खास बनाने के लिए उसका नाम पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर ही रखने का फैसला किया है। MCA के प्रेजिडेंट अमोल काले ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया है कि 2 अप्रैल 2011 की जीत को यादगार बनाने के लिए वानखेड़े के उसी स्टैंड में स्मारक बनाया जाएगा, जहां धोनी के विनिंग शॉट के बाद गेंद जाकर गिरी थी। हमने उस स्टैंड की पहचान कर ली है और हम धोनी से आग्रह करेंगे कि वह खुद इस स्मारक का उद्घाटन करें। बता दें कि धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ नुवान कुलसेखरा की गेंद पर हेलीकॉप्टर शॉट मारते हुए भारत को विश्व चैंपियन बनाया था।

जानिए कैसे खास होगा यह मौका?

आपको बता दें कि यह पहला मौका होने जा रहा है जब किसी खिलाड़ी के नाम पर किसी स्टेडियम में सीट होगी। हालांकि इससे पहले इस तरह के आइडिया पर विचार किया गया है। 1993 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में न्यू साउथ वेल्स के ऊपर विक्टोरिया के लिए साइमन ओ’डॉनेल के 122 मीटर के छक्के को यादगार बनाने के लिए स्टैंड की एक सीट को पीले रंग से रंग दिया गया था। 2018 मेलबर्न के एतिहाद स्टेडियम ने बिग बैश लीग फ्रेंचाइजी मेलबर्न रेनेगेड के ब्रैड हॉग को सम्मानित करने के लिए एक सीट को लाल रंग से रंगा गया था।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats