भारत में बहुत कम ऐसे क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जिनकी जीवनसाथी भी क्रिकेट से संबंध रखती हैं। इन्हीं में से एक कपल है क्रिकेटर स्टुअर्ट बिन्नी और मयंती लैंगर। स्टुअर्ट ने 2012 में मयंती से विवाह किया था। तब वे इंडियन टीम का हिस्सा नहीं थे। इन दोनों की लव स्टोरी काफी रोमांचक है। मयंती ने अपने क्रिकेट करियर में सबसे पहला लाइव इंटरव्यू आईसीएल के दौरान बिन्नी का ही किया था। इसमें उन्होंने उनकी सगाई को लेकर सवाल किया था। इसके जवाब में बिन्नी ने कहा था, ‘यह झूठी खबर है।’ दोनों उसके बाद हंसने लगे थे। तभी से दोनों के बीच दोस्ती हुई थी।

बिन्नी का जन्म बेंगलुरु में हुआ था। यहीं के फ्रैंक एंथोनी स्कूल से उन्होंने शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद वे सेंट जोसेफ इंडियन हाई स्कूल चले आए, जहां उनके पिता क्रिकेट कोच थे। वहां से बिन्नी की क्रिकेट की क्लास शुरू हुई। उनकी टीम इंडिया में एंट्री के पीछे की कहानी काफी नाटकीय रही है। उन्हें किसी भी राज्य टीम में जगह नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद उन्होंने आईसीएल में खेलना शुरू किया। इस लीग में बिन्नी ने बढ़िया प्रदर्शन किया था। आईसीएल में भारतीय खिलाड़ियों के खेलने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रोक लगा रखी थी, जैसे अभी भी कोई खिलाड़ी बाहरी लीग में हिस्सा नहीं ले सकता।

बाद में बीसीसीआई से माफी मांगने पर उन्हें माफ कर दिया गया और कुछ समय बाद इंडिया ए में शामिल किया गया। 2014 में वे भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे। 2015 में 15 सदस्यीय विश्वकप टीम के सदस्य रहे बिन्नी कभी अपनी जगह सुनिश्चित नहीं कर सके। आईपीएल में वे राजस्थान रॉयल्स और बंगलौर चैलेंजर्स का हिस्सा रह चुके हैं। मयंती को दर्शक क्रिकेट मैच होस्ट और एंकरिंग करते हुए देखते हैं। वे अपने पति से भी ज्यादा पॉपुलर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके पति से अधिक फॉलोवर्स हैं। जहां मयंती के कुल 782k (7 लाख 82 हजार) फॉलोवर्स हैं तो बिन्नी के केवल 344k (3 लाख 44 हजार) हैं।\


मयंती के पिता सेना में लेफ्टिनेंट जनरल और मां शिक्षक थी। मयंती ने दिल्ली विश्विद्यालय के हिंदू कॉलेज से बीए ऑनर्स किया था। वह कॉलेज की फुटबॉल टीम से खेल चुकीं हैं। इनके पिता ने अमेरिका में भी काम किया है। इसी दौरान मयंती की खेलों में रूचि बढ़ने लगी थी। इसके बाद 2010 में उन्हें फीफा वर्ल्ड कप और कॉमनवेल्थ खेल होस्ट करने का मौका मिला। साथ ही 2011 और 2015 क्रिकेट विश्वकप में भी उन्हें होस्ट और एंकरिंग करते हुए देखा गया। आईपीएल में भी वे एंकरिंग करती दिखाई देती हैं।