Lanka Premier League 2023, 10th Match: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने 7 अगस्त 2023 की रात इतिहास रच दिया। बाबर आजम टी20 क्रिकेट में 10 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। बाबर आजम ने यह उपलब्धि लंका प्रीमियर लीग में गाले टाइटंस के खिलाफ मैच में कोलंबो स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए हासिल की।
बाबर आजम ने गाले टाइटंस के खिलाफ मैच में 8 चौके और 5 छक्के की मदद से 59 गेंद में 104 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की मदद से कोलंबो स्ट्राइकर्स ने गाले टाइटंस को 7 विकेट से हरा दिया। निरोशन डिकवेला की अगुआई वाली कोलंबो स्ट्राइकर्स की यह दूसरी जीत है, जबकि दासुन शनाका की अगुआई वाली गाले टाइटंस की यह लगातार दूसरी हार है।
बाबर आजम के अब 264 टी20 मैच की 254 पारियों में 10 शतक हो गए हैं। इस फॉर्मेट में बाबर आजम के 9412 रन हैं। टी20 फॉर्मेट में बाबर आजम से आगे सिर्फ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं। क्रिस गेल ने अपने करियर में 463 टी20 मैच की 455 पारियों में 22 शतक लगाए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली 8 टी20 शतक के साथ तीसरे, केएल राहुल पांचवें और रोहित शर्मा छठे नंबर पर हैं।
टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के शीर्ष-15 बल्लेबाज
बल्लेबाज | देश | मैच | पारी | रन | उच्चतम | औसत | स्ट्राइक रेट | 100s | 50s |
क्रिस गेल | वेस्टइंडीज | 463 | 455 | 14562 | 175* | 36.22 | 144.75 | 22 | 88 |
बाबर आजम | पाकिस्तान | 264 | 254 | 9412 | 122 | 44.18 | 129.05 | 10 | 77 |
माइकल क्लिंगर | ऑस्ट्रेलिया | 206 | 198 | 5960 | 126* | 34.45 | 123.08 | 08 | 33 |
डेविड वार्नर | ऑस्ट्रेलिया | 356 | 355 | 11695 | 135* | 37.6 | 140.61 | 08 | 99 |
विराट कोहली | भारत | 374 | 357 | 11965 | 122* | 41.4 | 133.35 | 08 | 91 |
एरोन फिंच | ऑस्ट्रेलिया | 382 | 376 | 11392 | 172 | 33.8 | 138.53 | 08 | 77 |
ल्यूक राइट | इंग्लैंड | 344 | 320 | 8526 | 153* | 29.19 | 142.81 | 07 | 46 |
ब्रेंडन मैकुलम | न्यूजीलैंड | 370 | 364 | 9922 | 158* | 29.97 | 136.49 | 07 | 55 |
केएल राहुल | भारत | 212 | 199 | 7066 | 132* | 42.31 | 135.83 | 06 | 61 |
क्विंटन डीकॉक | साउथ अफ्रीका | 308 | 299 | 9032 | 140* | 32.96 | 138.44 | 06 | 57 |
रिले रोसौव | साउथ अफ्रीका | 312 | 301 | 7933 | 121 | 30.74 | 144.84 | 06 | 48 |
जेसन रॉय | इंग्लैंड | 326 | 320 | 8494 | 145* | 27.84 | 142.04 | 06 | 56 |
शेन वाटसन | ऑस्ट्रेलिया | 343 | 335 | 8821 | 124* | 29.3 | 138.3 | 06 | 53 |
जोस बटलर | इंग्लैंड | 376 | 354 | 10232 | 124 | 34.33 | 144.86 | 06 | 73 |
रोहित शर्मा | भारत | 423 | 410 | 11035 | 118 | 30.56 | 133.53 | 06 | 74 |
गाले टाइटंस ने बनाए थे 20 ओवर में 188 रन
पल्लीकेले स्थित पल्लीकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलंबो स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दासुन शनाका की अगुआई वाली गाले टाइटंस ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 188 रन का स्कोर बनाया। गाले टाइटंस की ओर से विकेटकीपर टिम सीफर्ट ने 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 35 गेंद में नाबाद 54 रन बनाए।
इसके अलावा शिवोन डेनियल 31 गेंद में 49 रन बनाकर आउट हुए। भानुका राजपक्षे ने भी 31 गेंद में 30 रन की पारी खेली, जबकि ओपनर लसिथ क्रॉसपुले 19 गेंद में 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलंबो स्ट्राइकर्स ने 19.5 ओवर में 3 विकेट पर 189 रन बनाकर मैच जीत लिया।
बाबर आजम और पथुम निसांका ने पहले विकेट के लिए की शतकीय साझेदारी
कोलंबो स्ट्राइकर्स की शुरुआत शानदार रही। बाबर आजम और पथमु निसांका ने पहले विकेट के लिए 75 गेंद में 111 रन की साझेदारी की। पथुम निसांका 40 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया।