भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल को टीम इंडिया का ‘मिस्टर रिस्पॉन्सिबल’ कहा जाता है। वे टीम इंडिया में किसी भी नंबर पर खेलने के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी कर लेते हैं। इतना ही नहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा के नहीं होने पर उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम की कमान भी संभाली थी। राहुल कई बार जानवरों और बच्चों की मदद के लिए दान देते रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर बच्चों की मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने अपने ब्रांड ‘गली’ के साथ मिलकर यह करने का फैसला किया है।
राहुल ने नीलामी के लिए अपने 2019 वर्ल्ड कप के बल्ले सहित कई चीजों को दान देने का फैसला किया है। नीलामी से जमा होने वाली राशि ‘अवेयर फाउंडेशन’ को दी जागी। राहुल ने अपने जन्मदिन (18 अप्रैल) पर यह फैसला लिया, लेकिन इसके बारे में जानकारी आज यानी 20 अप्रैल को दी है। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि यह मेरे लिए एक विशेष दिन है, इसलिए मैंने और ‘गली’ ने कुछ खास करने का फैसला किया है।’’
राहुल ने कहा, ‘‘मैंने अपने पार्टनर ‘भारत आर्मी’ को अपने क्रिकेट पैड, अपने दस्ताने, हेलमेट और अपनी कुछ जर्सी दान करने का फैसला किया है। वे इन चीजों की नीलामी करने जा रहे हैं और फंड अवेयर फाउंडेशन को दिया जाएगा। यह एक फाउंडेशन है जो बच्चों की मदद करती है। यह बहुत खास है और मैं ऐसा करने के लिए इससे बेहतर दिन (बर्थडे) नहीं चुन सकता था।” राहुल ने पिछले साल कैंसर पीड़ित बच्चों को करने के लिए दान दिया था।
राहुल नियमित रूप से सोशल मीडिया पर चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन को मदद करने का ऐलान करते हैं और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करते हैं। 28 साल के राहुल ने एक चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन ‘फूल वर्षा’ को मदद देने का फैसला किया था। यह लॉकडाउन में कमजोर और गरीब लोगों को खाना खिलाता है। इसके साथ ही राहुल ने ‘स्टे हैप्पी’ संस्थान को भी मदद करने का ऐलान किया था। यह संगठन बेंगलुरु में आवारा पशुओं को भोजन देता है।