ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर साइमन कैटिच गुरुवार को मुंबई इंडियंस ‘वन फैमिली’ का हिस्सा बन गए। ग्रुप ने उन्हें मुबंई इंडियंस केप टाउन का मुख्य कोच नियुक्त किया। वहीं, साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज बल्लेबाज हाशिम अमला को बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी दी गई है। मुंबई इंडियंस केपटाउन ने दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग के पहले संस्करण से पहले इसकी घोषणा की।

साइमन कैटिच और हाशिम अमला के अलावा मुंबई इंडियंस केपटाउन में क्षेत्ररक्षण कोच की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज जेम्स पामेंट को सौंपी गई है। दक्षिण अफ्रीका के एक अन्य पूर्व क्रिकेटर रॉबिन पीटरसन महाप्रबंधक होंगे।

साइमन कैटिच 2015 में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का हिस्सा बने थे। तब उन्हें शाहरुख खान के सह-मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सहायक कोच नियुक्त किया था। साल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने अपनी टीम का मुख्य कोच (हेड कोच) बनाया।

दिसंबर 2021 में काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उन्हें आईपीएल 2022 के लिए अपनी टीम का सहायक कोच नियुक्त किया। हालांकि, फ्रैंचाइजी की नीलामी में खिलाड़ियों को खरीदने की रणनीति से खफा होकर उन्होंने 18 फरवरी 2022 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

साउथ अफ्रीका के लिए 124 टेस्ट, 181 एकदिवसीय खेलने वाले हाशिम अमला भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। वह आईपीएल के 2016 और 2017 सीजन में प्रीति जिंटा के सह-मालिकाना हक वाली किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) का हिस्सा थे। वह कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में भी खेल चुके हैं। हाशिम अमला 2016 में शाहरुख खान की त्रिनबागो नाइटराइडर्स का हिस्सा थे।

मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में साइमन कैटिच ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस केप टाउन के मुख्य कोच के पद की पेशकश किया जाना सम्मान की बात है। एक नई टीम बनाना हमेशा ही विशेष होता है, जिसमें कौशल निखारना और टीम संस्कृति तैयार करना शानदार होगा।’

हाशिम अमला ने कहा, ‘मैं मुंबई इंडियंस केप टाउन के लिए इस जिम्मेदारी को उठाने के लिए रोमांचित हूं। मुंबई इंडियंस के मालिकों, प्रबंधन और मेरे मैनेजर का धन्यवाद जिनकी बदौलत यह काफी सरल रहा।’ मुंबई इंडियंस केपटाउन ने अब तक 5 खिलाड़ियों- कगिसो रबाडा, डेवाल्ड ब्रेविस, राशिद खान, सैम करन और लियाम लिविंगस्टोन से करार करने की घोषणा की है। साउथ अफ्रीका टी20 लीग जनवरी-फरवरी 2022 में खेला जाना है।