अनुभवी जोस बटलर की शतकीय पारी से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में शनिवार यानी 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 193 रन बनाए। बटलर ने अपने शतक से न सिर्फ राजस्थान को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया, वहीं कई निजी रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। वह आईपीएल 2022 के पहले शतकवीर बने। हालांकि, उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का खराब रिकॉर्ड का सिलसिला कायम रहा।
जोस बटलर ने 66 गेंद में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे धीमा शतक लगाने वाले विदेशी बल्लेबाज बन गए। जोस बटलर का आईपीएल में यह दूसरा शतक है। उन्होंने आईपीएल 2021 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड की ओर से उनके अलावा केविन पीटरसन, बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो आईपीएल में शतक लगा चुके हैं। बेन स्टोक्स के भी आईपीएल में दो शतक हैं।
आईपीएल में जोस बटलर की मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह छठी पारी थी। इससे पहले उनका मुंबई के खिलाफ उच्चतम स्कोर नाबाद 94 रन था। वह मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा 80 के औसत से रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल (66.10) के नाम था।
जोस बटलर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए दो शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले अजिंक्य रहाणे (2012, 2019), शेन वाटसन (2013, 2015) और संजू सैमसन (2019, 2021) राजस्थान के लिए 2-2 शतक लगा चुके हैं। राजस्थान की ओर से आईपीएल में यह 10वां शतक है। यूसूफ पठान (2010) और इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (2020) ने एक-एक शतक लगाया है।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह सातवां शतक है। इससे पहले एडम गिलक्रिस्ट, यूसुफ पठान, एबी डिविलियर्स, हाशिम अमला, केएल राहुल और बेन स्टोक्स मुंबई के खिलाफ शतक लगा चुके हैं। आईपीएल में किसी टीम की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नाम है। उसकी ओर से अब तक 14 शतक लगे हैं। उसके बाद पंजाब किंग्स (13 शतक), राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स (10-10 शतक) हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से 9 और मुंबई इंडियंस की ओर से सिर्फ 4 शतक लगे हैं।
आईपीएल में 190+ रनचेज में खराब है रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
राजस्थान के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा 10 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में जब भी 190 रन या उससे ज्यादा के लक्ष्य का पीछा किया है, रोहित शर्मा का प्रदर्शन खराब ही रहा है। रोहित के टीम में रहते आईपीएल में मुंबई 12वीं बार 190 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी। इस दौरान रोहित ने 18.6 के औसत और 129.7 के स्ट्राइक रेट से कुल 223 रन ही बनाए हैं।