इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में उसके ओपनर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने शतकीय पारी खेली। बेयरस्टो का वनडे में यह 11वां शतक है। उन्होंने सबसे तेज 11 शतक लगाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने इसके लिए 82 पारी लिए थे। वहीं, बेयरस्टों ने 78 पारियों में ही इस आंकड़े को छू लिया। इस मामले में उनसे आगे पाकिस्तान के बाबर आजम (71 पारी), दक्षिम अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (65) और हाशिम अमला (64) हैं।

मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 34 छक्के लगाए। इंग्लैंड की ओर से 20 और भारत की ओर से 14 छक्के लगाए। बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 10 और ऋषभ पंत-जॉनी बेयरस्टो ने 7-7 छक्के लगाए। मैच में 20 छक्के लगाकर इंग्लैंड ने अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उसने इतिहास रचते हुए 2019 में एजबेस्टन में लगाए गए 13 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। हालांकि, वह भारत के खिलाफ ओवरऑल एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला देश नहीं बन सका। इस मामले में उसने दक्षिण अफ्रीका की बराबरी कर ली।

भारत के कुलदीप यादव की गेंद पर कुल 8 छक्के लगे। वे 2011 के बाद से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के देने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले 2013 में विनय कुमार ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में 7 छक्के दिए थे। दूसरी ओर, क्रुणाल पंड्या एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने 28 रन दिए थे। क्रुणाल से पहले युवराज सिंह ने 2007 में ओवल के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 30 और इशांत शर्मा 2013 में मोहाली के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 रन दिए थे।

विराट कोहली तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उनसे आगे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने 335 मैच में 12662 रन बनाए थे। कोहली के 192 मैच में 10046 रन हैं। इस मैच में उनका एक रिकॉर्ड ऋषभ पंत ने तोड़ दिया। पंत ने एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 75+ रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कप्तान कोहली को पीछे छोड़ दिया।