ईशान किशन ने सोमवार यानी 28 सितंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 10वें मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 58 गेंद में 99 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 9 छक्के लगाए। हालांकि, उनकी यह पारी बेकार चली गई, क्योंकि सुपर ओवर में मुंबई इंडियंस को हार झेलनी पड़ी। शतक चूकने और अपनी टीम की हार से ईशान किशन का दुखी होना लाजिमी था।

सुपर ओवर के दौरान और मैच के बाद उनके चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। हालांकि, इस बीच उनकी कथित गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें मोटिवेट करने की कोशिश की। अदिति हुंडिया ने इसके लिए इंस्टाग्राम स्टोरी को जरिया बनाया। अदिति हुंडिया (Aditi Hundia) ने इंस्टाग्राम पर ईशान किशन के 99 रन पर आउट होकर पवेलियन लौटने वाले वीडियो शेयर की। ईशान को इसुरू उडाना ने देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया था। इस वीडियो के कैप्शन में अदिति ने लिखा, ‘I am so so proud of you baby (मुझे आप पर बहुत बहुत गर्व है बेबी)।’

कोहली ने टीम संग पूल में खेली वॉलीबॉल, गाया पंजाबी गाना, किया भांगड़ा; Video वायरल

बता दें कि अदिति हुंडिया मिस इंडिया 2017 की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। वह 2018 में मिस सुपरनेचुरल इंडिया भी रह चुकी हैं। वह पिछले साल आईपीएल फाइनल के बाद रातोंरात इंटरनेट सनसनी बन गईं थीं। दरअसल, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच हुए आईपीएल फाइनल के दौरान कैमरामैन ने कुछ पल के लिए उन पर ही ध्यान केंद्रित कर दिया था। इसके थोड़ी ही देर बाद सोशल मीडिया उनके स्क्रीनशॉट से भर गया था। लोग सवाल पूछ रहे थे कि ‘आखिर यह लड़की कौन है?’

अदिति हुंडिया को मुंबई इंडियंस के लिए चीयर करते हुए देखा गया। वह मुंबई इंडियंस के कई प्रशंसकों के साथ बैठी थीं। कुछ ने उन्हें मुंबई इंडियंस के स्टार ईशान किशन की प्रेमिका बता डाला था। उसके बाद ही से ही उनके और ईशान किशन के बीच अफेयर की चर्चा शुरू हुई थी। हालांकि, इसकी अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। अदिति महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली की भी बड़ी फैन हैं। हालांकि, वह इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस का समर्थन करती हैं और अक्सर स्टैंड में टीम को चीयर करती नजर आती हैं।