अनुभवी युवराज सिंह और युवा ऑलराउंडर पवन नेगी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग की शनिवार को होने वाली नीलामी में टीमों के बीच होड़ लग सकती है जबकि 351 क्रिकेटरों की बोली लगेगी। टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने वाले नेगी आक्रामक बल्लेबाजी और सटीक गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं। उनका बेसप्राइज सिर्फ 30 लाख रूपये है।
इस बार नीलामी में दो नई टीमें आरपीजी की राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और इंटेक्स मोबाइल की राजकोट टीम गुजरात लॉयंस है। पुणे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और राजकोट टीम के कप्तान सुरेश रैना हैं। युवराज का बेसप्राइज दो करोड़ रूपये है और वह नीलामी में आकषर्ण का केंद्र होंगे। पिछली दो नीलामियों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें सबसे ज्यादा दाम देकर खरीदा।
केविन पीटरसन का भी बेसप्राइज दो करोड़ रूपए है और उनके लिए भी टीमों में होड़ लग सकती है। इनके अलावा बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान (बेसप्राइज 50 लाख रूपए) और दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (बेसप्राइज 10 लाख रूपए) पर भी टीमों की नजरें होंगी।
इरफान पठान को हमेशा आईपीएल नीलामी में अच्छे दाम मिले हैं और इस बार उनका बेसप्राइज एक करोड़ रूपए है। विदेशी खिलाड़ियों में न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल की बेसप्राइज 50 लाख रूपए है जबकि ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान एरोन फिंच का बेसप्राइज एक करोड़ रूपए है। हर टीम में न्यूनतम 16 और अधिकतम 27 खिलाड़ी होंगे जिनमें से अधिकतम नौ विदेशी खिलाड़ी होंगे। हर टीम के पास 66 करोड़ रूपये का बजट है। दिल्ली डेयरडेविल्स के पास 37.15 करोड़ रूपये का बजट है जबकि मुंबई इंडियंस के पास सिर्फ 14.40 करोड़ का बजट है।