रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। अब वह सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ही टी20 फॉर्मेट खेलते हैं। रोहित शर्मा से हाल ही में वनडे टीम की कप्तानी लेकर शुभमन गिल को भारत की कमान सौंपी गई थी। उसके बाद से रोहित शर्मा के वनडे फॉर्मेट से भी संन्यास लेने की अफवाहें उड़ी थीं।

हालांकि, रोहित ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतकर साबित कर दिया कि अभी उनके अंदर काफी क्रिकेट बचा है। इस बीच आईपीएल 2026 सीजन से पहले रोहित शर्मा को कोलकाता नाइट राइडर्स में ट्रेड किए जाने की अफवाहें उड़ीं। हालांकि, मुंबई इंडियंस ने 30 अक्टूबर 2025 को अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक पोस्ट जारी कर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया।

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की। इसमें इशारों ही इशारों में साफ कर दिया कि रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस छोड़कर जाना मुश्किल ही नहीं असंभव है। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की हंसते हुई तस्वीर के साथ एक पोस्ट शेयर की।

मुंबई इंडियंस ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘यह तो निश्चित है कि सूरज अगले दिन फिर से निकलेगा, लेकिन (K)नाइट में मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है!)’ अपनी पोस्ट के जरिए फ्रेंचाइजी यही संदेश देना चाहती है कि इतना तो निश्चित है कि रोहित आईपीएल खेलेंगे, लेकिन उनका नाइटराइडर्स के साथ खेलना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।