आईपीएल 2026 के रिटेंशन के लिए 15 नवंबर का दिन डेडलाइन है। इसी बीच शनिवार को आईपीएल की तरफ से आधिकारिक रिलीज जारी कर कई बड़े नामों के ट्रेड की जानकारी दी गई। इसमें संजू सैमसन की सीएसके में एंट्री तो थी ही पर अर्जुन तेंदुलकर का भी नाम इस ट्रेड लिस्ट में शामिल था। इसके अलावा नितीश राणा, मोहम्मद शमी को भी उनकी टीमों ने ट्रेड कर लिया। इतना ही नहीं संजू के बदले रविंद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स में गए जरूर मगर उन्हें 4 करोड़ का तगड़ा नुकसान हो गया।
रविंद्र जडेजा कम कीमत में जुड़े राजस्थान के साथ
रविंद्र जडेजा को आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। लेकिन अब वह राजस्थान रॉयल्स के साथ 14 करोड़ रुपए की फीस पर जुड़े हैं। इसकी जानकारी आईपीएल द्वारा आधिकारिक रूप से साझा की गई। रविंद्र जडेजा के साथ सैम करन को भी राजस्थान ने 2.4 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही अपने साथ ट्रेड कर लिया है।
अर्जुन तेंदुलकर का मुंबई इंडियंस ने छोड़ा साथ
आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े अर्जुन तेंदुलकर का अब फ्रेंचाइजी ने साथ छोड़ दिया है। साल 2023 में मुंबई के लिए अर्जुन को आईपीएल डेब्यू का मौका मिला था। लेकिन वह प्रतिस्पर्धा के चलते टीम में जगह नहीं बना पा रहे थे। अब उनको लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड करते हुए अपनी टीम में शामिल किया है। उनको मौजूदा फीस 30 लाख रुपए में ही ट्रेड किया गया है।
IPL 2026 Retention: कब, कहां और कैसे देख पाएंगे आईपीएल रिटेंशन लाइव? जानिए आखिरी तारीख और सभी नियम
मोहम्मद शमी को भी सनराइजर्स ने किया रिलीज
इस लिस्ट में एक और बड़ा नाम है मोहम्मद शमी का जिन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने रिलीज कर दिया है। आईपीएल 2025 से पहले सनराइजर्स ने उन्हें 10 करोड़ की भारी-भरकम रकम देते हुए अपने साथ जोड़ा था। मगर अब इतनी ही फीस पर शमी लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए हैं। आईपीएल 2023 में 20 विकेट लेकर शमी ने गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
नितीश राणा समेत ये खिलाड़ी भी हुए ट्रेड
नितीश राणा को राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ 4.2 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही ट्रेड कर लिया है। अब नितीश दिल्ली की टीम में नजर आएंगे। इसके अलावा राजस्थान ने साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी डोनोवान फरेरा को भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया है। फरेरा की फीस अब 75 लाख से एक करोड़ हो गई है। वहीं लेग स्पिनर मयंक मार्कन्डे को उनकी 30 लाख की मौजूदा फीस पर मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ते हुए केकेआर के साथ ट्रेड किया है।
