इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने के लिए बेहतरीन फिटनेस की जरूरत होती है। ऐसे में उम्रदराज खिलाड़ियों के लिए बहुत कम मौका मिलता है। फिर भी कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने उम्र को महज नंबर साबित किया है और 40 की उम्र पार करने के बाद भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इनमें भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी शामिल हैं। वह 43 साल के हो गए हैं, लेकिन वह आईपीएल 2025 में खेलते नजर आएंगे। हालांकि, वह सबसे उम्रदराज खिलाड़ी नहीं हैं। आइए जानते 40 साल से ज्यादा उम्र के बाद भी आईपीएल खेलने वाले खिलाड़ी।
ब्रैड हॉग
ब्रैड हॉग आईपीएल इतिहास में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड रखते हैं। उन्होंने 45 साल और 92 दिन की उम्र में आखिरी बार खेले थे। ऑस्ट्रेलिया के चाइना मैन स्पिनर ने आईपीएल 2016 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए अपना अंतिम मैच गुजरात लायंस के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने दो ओवर में 19 रन देकर 1 विकेट लिया था। हॉग ने 2012 और 2013 में राजस्थान रॉयल्स का भी प्रतिनिधित्व किया था। 2015 में केकेआर के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 6.85 की इकॉनमी से छह मैचों में 9 विकेट लिए। चार सीजन में उन्होंने 21 मैच खेले और 24.78 के औसत और 7.47 की इकॉनमी से 23 विकेट लिए।
प्रवीण तांबे
प्रवीण तांबे को बहुत देर से खेलने का मौका मिला। उन्होंने 2013 में 41 साल और 212 दिन की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। वह अभी भी आईपीएल इतिहास में सबसे डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2016 में गुजरात लायंस के लिए खेला था, जब उनकी उम्र 44 साल और 219 दिन थी। 33 आईपीएल मैचों में लेग स्पिनर ने 28 विकेट लिए। 2014 में केकेआर के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उनके ऊपर 2022 में बॉलीवुड फिल्म ‘कौन प्रवीण तांबे?’ बनी।
महेंद्र सिंह धोनी
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सबसे उम्रदराज सक्रिय खिलाड़ी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल 2025 टीम का हिस्सा धोनी ने आखिरी बार 22 मई 2024 को आरसीबी के खिलाफ खेले थे। तब वह वह 42 साल और 323 दिन के थे। वह लीग के इतिहास में तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। एमएस धोनी आईपीएल 2025 में खेलने के लिए तैयार हैं। 2023 में सीएसके को पांचवां खिताब दिलाने के बाद धोनी आईपीएल जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 264 मैच खेले हैं। इसमें 24 अर्धशतकों सहित 5243 रन बनाए हैं।
मुथैया मुरलीधरन
श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन आईपीएल में 7 साल खेले। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (2008-2010), कोच्चि टस्कर्स केरल (2011) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2012-2014) का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 42 साल और 35 दिन की उम्र में आईपीएल में आखिरी मैच खेला। 66 आईपीएल मैचों में 6.68 की इकॉनमी और 26.92 के औसत से 63 विकेट झटके।
इमरान ताहिर
लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आठ सीजन में 59 आईपीएल मैच खेले और 2018 और 2021 में खिताब जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे। उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 2019 में आया जब उन्होंने 17 मैचों में 26 विकेट झटके। साउथ अफ्रीकी लेग स्पिनर ने अपना आखिरी आईपीएल मैच 25 अप्रैल, 2021 को आरसीबी के खिलाफ खेला था। उन्होंने 20.77 के औसत और 7.76 के इकॉनमी से 82 विकेट लेकर अपना आईपीएल करियर खत्म किया।