देवेंद्र पांडे। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के स्क्वाड में ऋतुराज गायकवाड़ की जगह मुंबई के युवा क्रिकेटर आयुष म्हात्रे को शामिल किया गया है। रोहित शर्मा के फैन को चेन्नई सुपर किंग्स ने दो हफ्ते पहले ट्रायल के लिए बुलाया था। कोहनी में फ्रैक्चर होने के कारण ऋतुराज टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके बाद मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे 30 लाख बेस प्राइस वाले आयुष को टीम से जोड़ने का फैसला किया गया।

आयुष म्हात्रे ने मुंबई के लिए नौ प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है। उन्होंने सात लिस्ट ए खेलों में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व किया है। नागालैंड के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 181 आया। विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 148 रन बनाए थे। म्हात्रे जल्द ही सीएसके की टीम से जुड़ेंगे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें तुरंत खेलने का मौका मिलेगा या नहीं।

विरार से सुबह 5 बजे की ट्रेन पकड़कर ओवल मैदान पहुंचते थे

म्हात्रे ने पिछले साल ईरानी ट्रॉफी में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम के लिए ओपनर बल्लेबाज के तौर पर पदार्पण किया था। शहर के कई क्रिकेटरों की तरह उन्होंने भी कड़ी मेहनत की है। वह सुबह 4:15 बजे उठते थे मुंबई शहर से 46 किलोमीटर दूर विरार से सुबह 5 बजे की ट्रेन पकड़ते थे और प्रसिद्ध ओवल मैदान ट्रेनिंग के लिए पहुंचते थे।

चयनकर्ताओं को सीनियर टीम में जल्दी चुनने पर मजबूर किया

आयुष म्हात्रे की आक्रामक बल्लेबाजी शैली ने चयनकर्ताओं को उन्हें सीनियर टीम में जल्दी चुनने पर मजबूर कर दिया। वह 13 साल के थे जब उनकी स्थानीय टीम विरार-साईनाथ स्पोर्ट्स क्लब ने उन्हें अपनी सीनियर टीम में शामिल करने का फैसला किया, जहां उन्होंने बड़ी आसानी से बड़े खिलाड़ियों का सामना किया।

सोशल मीडिया से दूर

रोहित शर्मा के प्रशंसक ने पिछले सीजन से खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया है। उनके परिवार ने उन्हें सब कुछ सरल रखने के लिए कहा है। अब वह आईपीएल की एक बेहतरीन फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे। आयुष म्हात्रे के संघर्ष के बारे में जानने के लिए क्लिक करें