मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) ने सोमवार, 27 नवंबर 2023 को हार्दिक पंड्या के ट्रेड की पुष्टि कर दी। इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन में वह मुंबई की फ्रेंचाइजी में खेलते दिखेंगे। हार्दिक 2015 और 2021 के बीच मुंबई के हिस्सा रहे। इस दौरान टीम 4 बार खिताब जीती। वह 2022 में टाइटंस से जुड़े। पहले ही सीजन में टीम चैंपियन बनी। दूसरे सीजन में फाइनल खेली। इसके बाद टीम ने उन्हें मुंबई इंडियंस में जाने दिया।
गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने इसका कारण बताया। उन्होंने कहा कि हार्दिक चाहते थे की वह मुंबई इंडियंस में लौट जाएं। फ्रेंचाइजी उनके फैसले का सम्मान करती है। इंडियन एक्सप्रेस ने रविवार को बताया था कि हार्दिक को अपने साथ जोड़ने के लिए मुंबई इंडियंस को उनकी 15 करोड़ रुपये की फीस का भुगतान करना होगा। टाइटंस ने इसी राशि में हार्दिक को अपने साथ जोड़ा था।
हार्दिक पंड्या ने क्यों छोड़ा गुजरात टाइटंस का साथ
मुंबई इंडियंस ने कैमरन ग्रीन को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को ट्रांसफर कर दिया। दोनों टीमों ने सोमवार दोपहर को हार्दिक के ट्रेड की पुष्टि करते हुए प्रेस रिलीज जारी करके दी। टाइटंस के बयान से उनके कप्तान को जाने देने के पीछे का कारण बताया। विक्रम सोलंकी ने कहा, ” गुजरात टाइटंस के पहले कप्तान के तौर पर हार्दिक पंड्या ने फ्रेंचाइजी को दो शानदार सीजन देने में मदद की है। इसके परिणामस्वरूप एक आईपीएल चैंपियनशिप जीती और एक फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने अब अपनी मूल टीम मुंबई इंडियंस में वापसी की इच्छा जताई है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
हार्दिक पंड्या की वापसी पर मुंबई का बयान
मुंबई इंडियंस में हार्दिक पंड्या की वापसी पर नीता अंबानी ने कहा, “हम हार्दिक का घर वापसी पर स्वागत करते हुए रोमांचित हैं! यह हमारे मुंबई इंडियंस परिवार के साथ एक हार्दिक का रीयूनियन है! मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी से लेकर अब टीम इंडिया के स्टार बनने तक हार्दिक ने एक लंबा सफर तय किया है और हम उनके और मुंबई इंडियंस के साथ भविष्य को लेकर उत्साहित हैं!”