इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से जुड़ने के लिए दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली सोमवार, 18 मार्च को बेंगलुरु पहुंचे। वह टीम के कैंप से जुड़ गए हैं और आरसीबी के अनबॉक्स इवेंट में शामिल होंगे। वह शुरुआत से ही आरसीबी का हिस्सा हैं। उन्होंने नौ साल तक टीम का नेतृत्व किया है। कोहली अपने बेटे अकाय के जन्म की वजह से लंदन में थे। वह इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट में नहीं खेले थे। वह लंदन से रविवार को ही भारत लौटे।

आरसीबी ने इंस्टाग्राम पर कोहली के कैंप से जुड़ने की जानकारी दी। कैप्शन में लिखा, “बहुत कुछ बहुत तेजी से हो रहा है और हम धीमे नहीं हो रहे हैं। क्या वह यहां हैं?” कोहली को रविवार की रात मुंबई हवाई अड्डे पर देखा गया। उन्हें आईपीएल 2024 के लिए आरसीबी से जुड़ने के लिए बैंगलोर के लिए फ्लाइट लेनी थी। वह सफेद टी-शर्ट पहने देखे गए। इसपर प्यारा सा कार्टून देखने को मिला। उस पर ‘डैड’ शब्द लिखा हुआ था।

आरसीबी के लिए 237 मैचों में कोहली ने 7,263 रन बनाए

आईपीएल में आरसीबी के लिए 237 मैचों में कोहली ने 37.2 की औसत और 130.0 की स्ट्राइक रेट से 7,263 रन बनाए हैं। वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113 रन है। उन्होंने यह स्कोर 2016 में पंजाब किंग्स के खिलाफ बनाया था, जिसकी मदद से आरसीबी ने 211/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

16 साल का सूखा खत्म करना चाहेगी आरसीबी

आरसीबी की टीम अगामी सीजन में चैंपियन बनकर 16 साल का सूखा खत्म करना चाहेगी। आरसीबी ने ऑक्शन में विदेशी और भारतीय प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़कर आईपीएल 2024 से पहले अपनी टीम को मजबूत किया। इसमें अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, टॉम करन (चोटिल), लॉकी फर्ग्यूसन, स्वप्निल सिंह और सौरव चौहान शामिल हैं। आरसीबी शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सीजन के शुरुआती मुकाबले में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।