आईपीएल 2024 में फिलहाल चार महीने है लेकिन यह अभी से चर्चा में है। आईपीएल के 17वें सीजन का ट्रांसफर विंडो 26 नवंबर को बंद हो रहा है और अगर मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस बार फैंस को कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने वाले कप्तान हार्दिक पंड्या की घर वापसी हो सकती है वहीं मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा एक नई जर्सी में नजर आ सकते हैं।
रोहित शर्मा हैं आईपीएल के सबसे सफल कप्तान
रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। वह एक दशक से भी ज्यादा समय से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने पांच बार इस टीम को खिताब जिताया है। इसके साथ ही वह भारतीय कप्तान भी हैं। मुंबई आसानी से उन्हें जाने देगी। वहीं हार्दिक ने भी अपनी कप्तानी में पहले ही सीजन में गुजरात टाइटंस को चैंपियन बना दिया था।
हार्दिक का भी मुंबई इंडियंस के साथ खास रिश्त रहा है। उन्होंने करियर की शुरुआत इसी टीम के साथ की थी जब उन्हें 10 लाख रुपए के बेस प्राइस पर खरीदा गया। साल दर साल अच्छे प्रदर्शन के बाद साल 2016 में उनके टीम इंडिया के दरवाजें भी खुल गए थे।
रोहित-हार्दिक की टीमें बदलेंगी
न्यूज18 की खबर के मुताबिक इस बात की संभावना बहुत ज्यादा है कि गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में लौट सकते हैं। हार्दिक पंड्या की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा गुजरात टाइटंस से जुडेंगे। यानी दोनों टीमों के कप्तानों की अदला-बदली होगी।
जोफ्रा आर्चर की जगह भी दिया जा सकता है मौका
अगर ऐसा नहीं होता है तो हार्दिक को मुंबई के लिए खेलने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की जगह मुंबई इंडियंस में शामिल किया जा सकता है। हार्दिक का बिना कप्तानी के मुंबई लौटना मुश्किल है। ऐसे में उन्हें विकल्प दिया जा सकता है कि वह 2024 में आर्चर की जगह खेले और फिर 2025 में उन्हें कप्तानी दी जाएगी।