इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में रविवार को मुंबई इंडियंस (MI)के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का तूफानी अंदाज देखने को मिला। उन्होंने केवल 4 गेंद का सामना किया, लेकिन लगातार 3 छक्के लगाकर उन्होंने वानखेड़े के फैंस को शानदार मनोरंजन किया। इंटरनेशनल क्रिकेट से 2020 में संन्यास ले चुके महेंद्र सिंह धोनी 42 साल के हो चुके हैं, लेकिन वह जिस तरह से शॉट्स लगाते उसे देखकर कोई नहीं कह सकता कि वह केवल आईपीएल में खेलते हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल खेल रहे हैं। पिछले 3-4 साल से यह कयास लगाया जा रहा है कि यह सीजन उनका आखिरी होगा, लेकिन ऐसा होता नहीं है। आईपीएल शुरू होने के साथ ही धोनी के संन्यास लेने की बातें भी शुरू हो जाती हैं। इस बार भी कुछ अलग नहीं है। इस सीजन वह चेन्नई सुपर किंग्स के बतौर खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने धोनी के संन्यास की राग छेड़ी है।
जाफर ने क्या कहा
जाफर ने चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान को लेकर क्रिप्टिक पोस्ट किया है। यह पोस्ट धोनी के आईपीएल 2024 के बाद संन्यास की अटकलों को लेकर है। उन्होंने कहा, “एमएस ने हमेशा ऐसे काम किए हैं जिनकी किसी को उम्मीद नहीं थी। खासकर जब प्रारूप से संन्यास लेने की बात आती है। अब हर कोई उम्मीद कर रहा है कि वह इस आईपीएल के बाद संन्यास ले लेंगे..बाकी आप खुद समझदार हैं।”
हैरान करने के लिए जाने जाते हैं धोनी
जाफर की यह बात सही भी है। टेस्ट क्रिकेट हो या इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट धोनी ने ऐसे संन्यास लिया कि हर कोई हैरान रह गया। जब किसी को उम्मीद नहीं थी तब उन्होंने इसकी घोषणा की। कुछ ऐसी ही हालत ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपते समय रही। अचानक से इसकी घोषणा हुई। आईपीएल में भी ऐसा देखने को मिल सकता है। काफी हद तक संभव है कि धोनी बगैर बताए अचानक संन्यास की घोषणा कर दें।