IPL 2024: आईपीएल के 17वीं सीजन की शुरुआत 22 मार्च से हो जाएगी और इस सीजन में एक बार फिर से 10 टीमें चैंपिनशिप का खिताब जीतने के लिए अपना दम लगाती हुई नजर आएंगी। इस सीजन का पहला मैच एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स आरसीबी के साथ खेलेगी। पिछले सीजन में एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके पांचवीं बार चैंपियन बनी थी और इस बार फिर से धोनी पर अपने खिताब को बचाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। इस सीजन में एमएस धोनी सबसे उम्रदराज कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे तो वहीं इस बार सभी टीमों में सबसे युवा यानी सबसे कम उम्र के कप्तान शुभमन गिल होंगे।

धोनी सबसे उम्रदराज तो गिल हैं सबसे कम उम्र के कप्तान

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में एक तरफ जहां 42 साल की उम्र में महेंद्र सिंह धोनी सीएसके टीम की बागडोर संभालते नजर आएंगे तो वहीं गुजरात टाइटंस की कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल के हाथों में होगी जो 22 साल के हैं। इस सीजन में शुभमन गिल सबसे युवा कप्तान के तौर लीग में खेलेंगे तो वहीं धोनी इस लीग के सबसे बुजुर्ग कप्तान होंगे।

शुभमन गिल को इसी सीजन में इस टीम (गुजरात) का कप्तान बनाया गया था जब हार्दिक पांड्या ने टीम का साथ छोड़कर मुंबई इंडियंस का हाथ थाम लिया था। गुजरात की टीम आईपीएल में सिर्फ 2 साल पुरानी है, लेकिन इस टीम का प्रदर्शन पिछले दो सीजन में ही दमदार रहा है। अपने डेब्यू सीजन यानी साल 2022 में ही यह टीम चैंपियन बनी थी तो वहीं 2023 में इस टीम ने उप-विजेता के रूप में अपने सफर का समापन किया था।

शुभमन गिल ने अपने आईपीएल क्रिकेट करियर की शुरुआत साल 2018 में किया था और इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें एक करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद वह साल 2021 तक वह इस टीम के साथ जुड़े रहे, लेकिन इसके बाद साल 2022 में जब गुजरात टाइटंस की एंट्री इस लीग में हुई तब उन्हें इस टीम ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2022 में जब यह टीम चैंपियन बनी थी तब गिल ने 16 मैचों में 483 रन बनाए थे जबकि पिछले सीजन यानी साल 2023 में वह इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और 17 मैचों में 3 शतक और 4 अर्धशतक की मदद से 890 रन ठोके थे। आईपीएल में गिल का बेस्ट स्कोर 129 रन रहा है।