आईपीएल 2024 के आगाज से पहले मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स की टीम को उस वक्त बड़ा झटका लग जब इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने निजी कारण का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। हैरी ब्रूक के इस फैसले से ना सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स नाराज है बल्कि अन्य आईपीएल फ्रेंचाइजी भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों के ऐसे रवैये से खफा हैं। कहा जा रहा है कि इसको लेकर सभी फ्रेंचाइजी बीसीसीआई से शिकायत करने पर विचार कर रही हैं।
अंग्रेज खिलाड़ियों की इस आदत से खफा फ्रेंचाइजी
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए आईपीएल में अपनी प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने वाले अंग्रेज खिलाड़ियों की इस प्रवृति से आईपीएल फ्रेंचाइजी नाराज हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों के अचानक वापस जाने से उनकी ऑक्शन पॉलिसी में गड़बड़ होती है। सभी फ्रेंचाइजी इसको लेकर बीसीसीआई से शिकायत करने पर विचार कर रही हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स हैरी ब्रूक के रिप्लेसमेंट की तलाश कर रही है।
पहले भी ऐसा कर चुके हैं अंग्रेज खिलाड़ी
क्रिकबज की रिपोर्ट में एक फ्रेंचाइजी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि एक बार जब खिलाड़ी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करा लेते हैं तो उन्हें अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाड़ियों का यह रवैया सही नहीं है, बीसीसीआई को इस पर विचार करना चाहिए। हैरी ब्रूक का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले एलेक्स हेल्स, जेसन रॉय और बेन स्टोक्स ऐसा कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने भी अचानक नाम वापस लिया था
हैरी ब्रूक पर भड़के आकाश चोपड़ा
हैरी ब्रूक के नाम वापस लेने के बाद से कई भारतीय दिग्गज खफा हैं। पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने एक ट्वीट कर कहा है कि आईपीएल ऑक्शन में इंग्लैंड के खिलाड़ियों को खरीदना जोखिम भरा हो सकता है। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन में हैरी ब्रूक को 4 करोड़ रुपए में खरीदा था। उससे पहले हैरी ब्रूक सनराइजर्स हैदराबाद में थे। हैदराबाद ने उन्हें 13.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।