आईपीएल के अगले सीजन के लिए मिनी ऑक्शन 19 दिसंबर को दुबई में होनी है। उससे पहले सभी फ्रेंचाइजियों को अपने खिलाड़ी रिटेन और रिलीज करने के लिए 26 नवंबर तक का समय दिया गया है। इस बीच आईपीएल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील होने की खबर सामने आ रही है। दरअसल, हरफनमौला ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी हो गई है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

15 करोड़ देकर मुंबई ने खरीदा हार्दिक को!

ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या को लेकर गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच एक बड़ा ट्रेड हुआ है। ऐसी खबर है कि मुंबई ने अपने पुराने खिलाड़ी को वापस लेने के लिए गुजरात टाइटंस को 15 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है। यह राशि पूरी तरह से कैश मोड में की गई है। जैसे ही इस ट्रेड की आधिकारिक घोषणा होती तो यह आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा प्लेयर ट्रेड होगा।

ट्रेड होने वाले तीसरे कप्तान होंगे हार्दिक पंड्या

आईपीएल 2023 की नीलामी के बाद मुंबई इंडियंस के पास पर्स में केवल 0.05 करोड़ रुपये (लगभग 6000 डॉलर) बचे थे। आगामी ऑक्शन के लिए फ्रेंचाइजी को 5 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए गए हैं और फ्रेंचाइजी ने पूरी राशि का इस्तेमाल हार्दिक को टीम में वापस लाने के लिए कर दिया है। मुंबई और गुजरात के बीच अगर यह ट्रेड हुआ है तो अश्विन के पंजाब किंग्स से दिल्ली कैपिटल्स में शिफ्ट होने और अजिंक्य रहाणे के भी राजस्थान से दिल्ली कैपिटल्स में शिफ्ट होने के बाद हार्दिक तीसरे कप्तान होंगे।

मुंबई के साथ ही हार्दिक ने शुरू किया था करियर

बता दें कि हार्दिक पंड्या ने 2015 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ ही की थी। मुंबई के साथ हार्दिक ने 6 साल खेले। उसके बाद गुजरात टाइटंस के साथ उन्होंने 2022 में पहला सीजन खेला और पहला ही सीजन अपने नाम कर लिया। 2023 के सीजन में भी हार्दिक की कप्तानी में गुजरात ने फाइनल में जगह बनाई। 2022 और 2023 सीजन में गुजरात टाइटंस लीग स्टेज में टॉप पर रही थी।