इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में अबतक 4 खिलाड़ियों पर जुर्माना लगा है। इनमें से 3 कप्तान हैं, जबकि एक युवा खिलाड़ी शामिल है। स्लो ओवर रेट के कारण एक कप्तान पर 2 बार जुर्माना लगा है। तीसरी बार ऐसा होने पर प्रतिबंध भी लग सकता है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान ऋषभ पंत हैं। उनके अलावा शुभमन गिल और संजू सैमसन पर जुर्माना लगा है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पर 60 प्रतिशत का जुर्माना लगा है।

शुभमन गिल

आईपीएल 2024 के 7वें मैच में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घरेलू मैदान अपने पहले मैच के दौरान धीमी ओवर गति से गेंदबाजी की थी। चूंकि यह आईपीएल 2024 में टीम ने ऐसा पहली बार किया था, इसलिए कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

ऋषभ पंत

आईपीएल 2024 के 13 वें मैच में विशाखापत्तनम में चेन्नई के खिलाफ मैच के दौरान दिल्ली ने ओवर रेट से गेंदबाजी की थी। उन्होंने इस सीजन में पहली बार ऐसा किया था। कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

ऋषभ पंत और दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल 2024 के 16वें मैच में विशाखापत्तनम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी दिल्ली ने धीमी ओवर गति से गेंदबाजी की। टीम ने सीजन दूसरी बार ऐसा किया था। कप्तान पंत पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग 11 के अन्य सदस्यों पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जो भी कम हो, जुर्माना लगाया गया।

संजू सैमसन

आईपीएल 2024 के 24वें मैच में गुजरात के खिलाफ राजस्थान ने स्लो ओवर रेट से गेंदबाजी की। टीम ने ऐसा पहली बार किया था। ऐसे में कप्तान संजू सैमसन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा था।

हर्षित राणा

आईपीएल 2024 के तीसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा की 60 प्रतिशत मैच फीस काटी गई थी। उन्होंने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 के लेवल 1 गलती की थी। इनमें से एक कारण मंयक अग्रवाल को आउट करने के बाद फ्लाइंग किस देना था।

स्लो ओवर रेट को लेकर क्या है नियम

आईपीएल प्लेइंग कंडिशन के क्लाज 12.7 ओवर रेट से जुड़ा है। किसी भी टीम को 20 ओवर में 90 मिनट के अंदर पूरा करना होता है। इनमें से 5 मिनट टाइम आउट के लिए होता है। अगर कोई टीम ऐसा नहीं कर पाती को बचे हुए ओवर्स में उसे एक फील्डर अधिक 30 यार्ड सर्कल में रखना पड़ता है। पहली बार कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगता है। दूसरी बार फाइन डबल हो जाती है। टीम के अन्य खिलाड़ियों पर 6 लाख या 25 प्रतिशत मैच फीस काटी जाती है। इनमें से जो कम हो वह लागू होता है। एक ही सीजन में तीसरी बार ऐसा होने पर कप्तान पर 30 लाख का जुर्माना लगता है। उसे एक मैच के लिए बैन किया जाता है। टीम पर 12 लख रुपये या 50 प्रतिशत मैच फीस काटी जाती है। इनमें से जो कम हो वह लागू होता है।