इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में रविवार को गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर शुभमन गिल ने बड़ा मुकाम हासिल किया। वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 31 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इस दौरान उन्होंने आईपीएल में 2000 रन पूरे कर लिया। वह लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे युवा क्रिकेटर बने। इस मामले में वह दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत से पीछे रह गए। वहीं संजू सैमसन और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम
आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है। उन्होंने यह मुकाम 23 साल और 23 दिन की उम्र में हासिल की थी। शुभमन गिल ने 23 साल और 214 दिन में 2000 रन पूरे किए। संजू सैमसन ने 24 साल 140 दिन और विराट कोहली ने 24 साल और 175 दिन की उम्र में 2000 रन पूरे किए थे। सुरेश रैना ने 25 साल 155 दिन की उम्र में 2000 रन पूरे किए थे।
शुभमन गिल ने पिछले साल आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था
शुभमन गिल ने पिछले साल आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैच में 4 अर्धशतक की मदद से 483 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 34.50 का था। वहीं 132.33 का स्ट्राइक रेट रहा था। साल 2021 में उन्होंने 478 और साल 2020 में 440 रन बनाए थे। साल 2022 से पहले वह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे। आईपीएल 2023 में भी वह एक अर्धशतक जड़ चुके हैं।
गुजरात टाइटंस ने पहली बार बनाया 200 का स्कोर
बता दें कि आईपीएल 2023 के 13वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान विजय शंकर ने 24 गेंद पर नाबाद 63 रन की पारी खेली। साई सुदर्शन ने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ते हुए 38 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। डिफेंडिंग चैंपियन टीम पहली बार आईपीएल में 200 का स्कोर खड़ा कर पाई।