Arjun Tendulkar Debut: सचिन तेंदुलकर और उनके पूरे परिवार के लिए रविवार का दिन काफी खास रहा। सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने रविवार को आईपीएल में डेब्यू किया और मुंबई इंडियंस के लिए पहला मैच खेला। दो सीजन बेंच पर बैठने के बाद आखिरकार अर्जुन तेंदुलकर को डेब्यू का मौका मिला। मैच देखने के लिए स्टेडियम में अर्जुन की बड़ी बहन और सचिन की बेटी सारा तेंदुलकर भी मौजूद थी।
अर्जुन को चीयर करने पहुंची बहन सारा
सारा तेंदुलकर अर्जुन से बड़ी हैं और अपने भाई की जिंदगी के इस खास पल का गवाह बनने वो खुद पहुंची। उन्होंने मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनी हुई थी। मैच के दौरान जब अर्जुन को पहला ओवर डालने को मिला तो सारा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वो तालियां बजाकर भाई की उपलब्धि का जश्न मना रही थी।
सचिन तेंदुलकर की राह पर अर्जुन
सारा ने इस दौरान सोशल मीडिया पर भी अर्जुन तेंदुलकर से जुड़े कई पोस्ट शेयर किए। इस दौरान उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड भी शेयर किया जो कि सबित करता है कि अर्जुन अपने पिता के रास्ते पर ही चल रहे हैं। अर्जुन ने रविवार को केकेआर के खिलाफ अपने पहले ओवर में पांच रन दिए थे। वहीं सचिन तेंदुलकर ने साल 2009 में केकेआर के खिलाफ आईपीएल में अपना पहला ओवर डाला था और उसमें भी उन्होंने पांच ही रन दिए थे।
सचिन ने बेटे अर्जुन तेंदुलकर को दी बधाई
सचिन और अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल में एक ही टीम से खेलने वाली बाप-बेटे की पहली जोड़ी है। सचिन ने भी इस खास मौके पर अपने बेटे को बधाई दी। उन्होंने अर्जुन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘अर्जुन, आज तुमने अपने क्रिकेट के सफर में एक नया कदम उठाया है। बतौर पिता मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं और इस खेल से भी। मैं जानता हूं तुम इस खेल की इज्जत करोगे.’
आईपीएल के 15 साल के इतिहास में सचिन और अर्जुन तेंदुलकर मैच खेलने वाले पिता पुत्र की पहली जोड़ी है। यह भी संयोग है कि वह दोनों एक ही टीम की तरफ से खेले। सचिन ने 2008 से 2013 तक छह साल के लिए मुंबई इंडियन्स का प्रतिनिधित्व किया था। अर्जुन को पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई ने पहली बार 2021 की नीलामी के दौरान उनके आधार मूल्य 20 लाख रुपये में खरीदा था। वानखेड़े स्टेडियम अर्जुन और मुंबई इंडियंस का घरेलू मैदान है। वह हालांकि घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम में जगह नहीं मिलने के बाद 2022 से गोवा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।