इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) का 15वां मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आखिरी गेंद पर 1 विकेट से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को हराया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ को 213 रन का लक्ष्य दिया। आखिरी ओवर में केएल राहुल की अगुआई वाली टीम को 5 रन की दरकार थी। जयदेव उनादकट 5 गेंद पर 8 और मार्क वुड 1 गेंद पर 1 रन बनाकर क्रीज पर थे। हर्षल पटेल गेंद करने आए। उन्होंने नॉन स्ट्राइकर को स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की तरह रन आउट करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए।
रवि बिश्नोई ने स्कोर बराबर कराया
स्ट्राइक पर जयदेव उनादकट थे। हर्षल पटेल ने यॉर्कर लेंथ की गेंद की और सिंगल आया। अगली गेंद उन्होंने फिर यॉर्कर करने की कोशिश की, लेकिन लो फुलटॉस गेंद पर मार्क वुड शॉट लगाने गए और बोल्ड हुए। रवि बिश्नोई नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर आए। ऑफ स्टंप पर फुल लेंथ गेंद को प्वाइंट की तरफ खेला और 2 रन लिए। चौथी गेंद हार्ड लेंथ थी और डीप स्कवायर लेग पर पुल शॉट खेलकर बिश्नोई ने एक रन लिया।
लखनऊ के आखिरी गेंद पर चाहिए थे 1 रन
आरसीबी और लखनऊ का स्कोर बराबर हो गया था। जयदेव उनादकट स्ट्राइक पर थे। हर्षल पटेल ने ऑफ साइड में शॉर्ट गेंद की और उनादकट ने सीधे लॉन्ग ऑन पर फाफ डुप्लेसिस के हाथ में मार दिया। आवेश खान बल्लेबाजी करने आए। मैच की आखिरी गेंद पर 1 रन चाहिए थे। हर्षल पटेल गेंद डालने से पहले रुके और रवि बिश्नोई को नॉन स्ट्राइकर एंड पर रन आउट करने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। आखिरी गेंद लो फुल टॉस थी। आवेश खान ने शॉट लगाने की कोशिश की,लेकिन चूक गए। विकेटकीपर दिनेश कार्तिक गेंद को पकड़ने में असफल रहे और बाय के एक रन के साथ लखनऊ जीत गया।
हर्षल पटेल क्यों नहीं कर पाए रवि बिश्नोई को रन आउट
हर्षल पटेल ने नॉन-स्ट्राइकर छोर पर रवि बिश्नोई को रन आउट करने की कोशिश की, लेकिन अपनी गति के कारण गिल्लियां नहीं बखेर सके। इसके बाद वह क्रीज से बाहर चले गए गेंद स्टंप पर थ्रो किया। नियमों के अनुसार गेंदबाज एक्शन पूरा करने के बाद नॉन-स्ट्राइकर छोर पर बल्लेबाज को रन आउट नहीं कर सकता। नॉन-स्ट्राइकर को रन आउट करने के लिए गेंदबाज को क्रीज के अंदर होना चाहिए या एक्शन पूरा करने से पहले गेंद स्टंप पर मारनी चाहिए, लेकिन हर्षल ऐसा करने में नाकाम रहे और बॉलिंग एक्शन पूरा करने के बाद गेंद को क्रीज के बाहर से स्टंप्स पर थ्रो किया। इसलिए, रवि बिश्नोई रन आउट नहीं दिए गए।