इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के प्लेऑफ के क्वालिफायर-1 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)के खिलाफ दर्शन नालकंडे को यश दयाल की जगह मौका मिला। दाएं हाथ के मिडियम फास्टर ने चेन्नई को दूसरे ओवर में ही बड़ा झटका दे दिया था, लेकिन नो बॉल के कारण ऋतुराज गायकवाड़ को जीवनदान मिल गया। उनकी यह गलती डिफेंडिंग चैंपियन को 58 रन महंगा पड़ा।
मामला दूसरे ओवर की तीसरी गेंद का है। चेन्नई के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने शुभमन गिल के हाथों में खेल दिया। गुजरात के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे। यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी गेंद नोबॉल करार दी गई। ऋतुराज ने मौके का फायदा उठाया। उन्होंने फ्री हिट पर ठक्का लगाया। इस दौरान स्टार स्पोर्ट्स हिंदी पर कमेंट्री कर रहे पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने नालकंडे को लेकर कहा, ” कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे”
ऋतुराज की पारी का मोहित शर्मा ने किया अंत
ऋतुराज की पारी का मोहित शर्मा ने डेविड मिलर के हाथों कैच कराकर अंत किया। 11वें ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने डेवोन कॉनवे के साथ 63 गेंद पर 87 रन की साझेदारी की। उन्होंने 44 गेंद पर 136.36 के स्ट्राइक रेट से 60 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। गुजरात के खिलाफ चेन्नई के इस युवा ओपनर का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 4 पारियों में 4 अर्धशतक जड़े हैं। इससे पहले उन्होंने हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम के खिलाफ 50 गेंद पर 92 रनों की पारी खेली थी।
ऋतुराज गायकवाड़ का आईपीएल 2023 में प्रदर्शन
बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में छठे नंबर पर हैं। उन्होंने 15 मैच की 14 पारियों में 43.38 के औसत और 146.88 के स्ट्राइक रेट से 564 रन बनाए हैं। उन्होंने 43 चौके और 29 छक्के जड़े हैं। बता दें कि चेन्नई और गुजरात के बीच मैच जीतने वाली टीम फाइनल में होगी। हारने वाली टीम एलिमिनेटर में जीतने वाली टीम से क्वालिफायर-2 में खेलेगी।