प्रत्युष राज
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में मुंबई इंडियंस (MI) को नया स्टार मिला है। 22 के लुधियाना के नेहल वढेरा ने पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है और मिडिल ऑर्डर में जगह पक्की कर ली है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ 34 गेंद पर नाबाद 52 रन की पारी खेली। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 51 गेंद पर 64 रन ठोक दिए थे। चेन्नई के खिलाफ मैच के बाद मुंबई इंडियंस ने एक वीडियो पोस्ट किया था। नेहल ने अपना पहला अर्धशतक अपने दादाजी को समर्पित किया, जो मैच से एक दिन पहले अस्पताल से घर लौटे थे।
मेघ राज वढेरा ने कभी भी अपने पोते नेहल के मैच को नहीं छोड़ा। सीनियर वढेरा के पास एक पेन और नोट पैड होती है। वह नेहल की हर गेंद का सामना करने पर ‘बॉल-बाय-बॉल कमेंट्री’ करते हैं। यह काम वह पिछले 15 साल से कर रहे हैं। क्रिकेट के अलावा 83 साल के मेघ राज अपने पोते को मैदान पर गाली देने पर भी डांटते हैं। मेघ राज का मानना है कि क्रिकेट अभी भी “सज्जनों का खेल” है।
नेहल के बैटिंग की हर डिटेल नोट करते हैं दादा
नेहल के पिता कमल वढेरा ने लुधियाना से द इंडियन एक्सप्रेस को अपने पिता बॉल टू बॉल कमेंट्री की आदत के बारे में बताया, ” यह मेरे पिता के लिए एक दिनचर्या बन गया है। वह उनके सबसे बड़े चीयरलीडर हैं। वह हर डिटेल जैसे कि उनकी बॉडी लैंग्वेज, उनके शॉट्स, उनका विकेटों के बीच दौड़ना, वो कैसे आउट होते हैं नोट करते हैं। वह कोई विशेषज्ञ नहीं है, बल्कि अपने पोते का प्रशंसक है और शाम को दोनों बैठते हैं और खेल के बारे में बात कर हैं। मेरे पिता और मेरा बेटा दोनों ही क्रिकेट के प्रति जुनूनी हैं।”
दादा को यह बात पसंद नहीं
नेहल के पिता ने मेघ राज को लेकर आगे बताया, “क्रिकेट के मैदान पर किसी का गाली देना उन्हें पसंद नहीं है। वह कई बार नेहल को लताड़ चुके हैं। उनके लिए क्रिकेट पूरी तरह से कौशल पर निर्भर है, छींटाकशी पर नहीं। वह खेल से प्यार करते हैं और जब कोई अपशब्दों का इस्तेमाल करता है तो वह नाराज हो जाते हैं। वह इस चीज पर नेहल के साथ बहुत सख्त रहे हैं और उनके लिए एक नियम बनाया है ‘कभी किसी को गाली मत दो, यह तुम्हारी परवरिश नहीं है’।”