Mumbai Indians Captain Rohit Sharma Won Delhiites Hearts: मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में 11 अप्रैल की रात अपनी पहली जीत हासिल की। रोहित शर्मा की अगुआई में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया। मुंबई इंडियंस की जीत में रोहित शर्मा की अहम भूमिका रही। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 45 गेंद में 65 रन बनाए।

रोहित शर्मा जब 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पवेलियन लौटे तब मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 19 गेंद में 30 रन बनाने थे। जिसे टिम डेविड और कैमरन ग्रीन ने आसानी से हासिल लिया। दिल्ली कैपिटल्स को उसके गृह मैदान पर मात देने के बाद रोहित शर्मा दिल्ली वालों का दिल भी जीत ले गए। मैच जीतने के स्टेडियम में मौजूद फैंस ने रोहित शर्मा के साथ जालियों के पीछे से ही सेल्फी की मांग की।

रोहित शर्मा ने उन्हें निराश नहीं किया। रोहित ने एक फैन का कैमरा लेकर सभी प्रशंसकों के साथ सेल्फी ली। रोहित शर्मा ने हालांकि, सेल्फी लेने से पहले ही कह दिया था कि भाई एक ही फोटो दूंगा, लेकिन फैंस का दिल रखने के लिए उन्होंने दो सेल्फी लीं। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का मैच देखने पहुंचे फैंस भी रोहित शर्मा के इस तरह के व्यवहार से बहुत खुश हुए।

रोहित शर्मा ने इसके बाद फैंस से हाथ भी मिलाए। रोहित का फैंस के साथ सेल्फी लेने वाला वीडियो मुंबई इंडियंस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। उसने वीडियो के कैप्शन में लिखा, फोटो सिर्फ एक, पर खुशी अनंत। नीचे वीडियो में आप भी रोहित को फैंस के साथ सेल्फी लेते और हाथ मिलाते हुए देख सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच की बात करें तो रोहित शर्मा ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 173 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2023 में यह पहली जीत है।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats