इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टॉस के लिए आए तो भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम उनके नाम से गूंज उठा। नवाबों के शहर में माही इससे पहले कभी नहीं खेले। ऐसे में दर्शकों ने उनका बड़े ही अदब से स्वागत हुआ। लखनऊ हो या राजस्थान या फिर बेंगलुरू चेन्नई की टीम मैदान पर उतरती है तो ऐसा लगता है कि मैच चेन्नई में हो रहा है। इसके एकमात्र कारण धोनी हैं।
पिछले कुछ मैचों में महेंद्र सिंह धोनी ने मैच के बाद कुछ ऐसे बयान दिए कि यह कयास लगाया जा रहा है कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन होगा। हालांकि, लखनऊ के खिलाफ टॉस के दौरान कमेंटेटर डैनी मॉरिसन ने उनसे इसे लकेर सवाल किया। धोनी ने फैंस को दिल खुश कर देने वाला जवाब दिया। उन्होंने आईपीएल 2023 के बाद भी खेलते रहने के संकेत दिए।
धोनी ने दिया रिटायरमेंट पर जवाब
टॉस के बाद डैनी मॉरिसन ने धोनी से सवाल किया, ” आप अपने आखिरी सीजन का आनंद ले रहे हैं?” धोनी ने इसका जवाब देते हुए कहा, ” आपने फैसला किया है कि यह मेरा आखिरी आईपीएल है।” इसके बाद धोनी हंसने लगे। मॉरिसन ने कहा कि धोनी अगले साल भी खेलते नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जांयट्स के खिलाफ मैच में आकाश सिंह की जगह दीपक चाहर को मौका दिया। चाहर चोट से जूझ रहे थे।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में दो बदलाव
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में दो बदलाव हुआ। चोटिल कप्तान केएल राहुल की जगह मनन वोहरा और आउट ऑफ फॉर्म चल रहे दीपक हुड्डा की जगह करन शर्मा को मौका मिला। लखनऊ में बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ। हालांकि, इसके कारण ओवर में कटौती नहीं हुई। चेन्नई की टीम अंक तालिका में 10 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है। लखनऊ की टीम तीसरे नंबर पर है।