IPL 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए विस्फोटक बल्लेबाजी कर 672 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने एमएस धोनी की फैन फॉलोइंग को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आईपीएल खेल स्वदेश लौट चुके कॉनवे ने कीवी मीडिया से बातचीत में कहा है कि एमएस धोनी की भारत में पूजा होती है, उनको मिलने वाला समर्थन अविश्वसनीय है। डेवोन कॉनवे आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे थे।

भारत में पूजे जाते हैं धोनी- कॉनवे

कॉनवे ने कहा है, “भारत में धोनी को बहुत पसंद किया जाता है, वहां उनकी काफी पूजा होती है। वहां धोनी को मिलने वाला समर्थन अविश्वसनीय है, चेन्नई के बाहर होने वाला हर मैच हमें घरेलू मैच की तरह ही लगता था, क्योंकि हर मैदान पर धोनी के समर्थक घरेलू टीम से ज्यादा होते थे।”

होटल से बाहर जाने में होती होगी दिक्कत

डेवोन कॉनवे ने आगे कहा कि हम जिस दुनिया में रहते हैं उसके आदी हो चुके हैं, लेकिन धोनी के लिए यह बहुत मुश्किल होता होगा, क्योंकि उनकी लोकप्रियता ही इतनी है कि होटल के बाहर निकलकर वह कुछ कर ही नहीं पाते होंगे। कॉनवे ने कहा कि टीम में हर खिलाड़ी धोनी का सम्मान करता है। टीम के माहौल पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी (धोनी) वजह से टीम का कल्चर बहुत अलग है, फ्रेंचाइजी मालिक के साथ धोनी के अच्छे संबंध हैं।

आईपीएल 2023 में कॉनवे ने ठोके 672 रन

डेवोन कॉनवे ने बताया है कि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ओपनिंग करने की जिम्मेदारी कोच स्टीफन फ्लेमिंग और एमएस धोनी की वजह से ही मिली। धोनी ने उनपर भरोसा जताया और वह अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं। कॉनवे ने आईपीएल 2023 के 16 मैचों की 15 पारियों में 51.69 की शानदार औसत से 672 रन बनाए, जिसमें 6 अर्द्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 92 था।