महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) का खिताब जीती थी। टीम का यह 5वां खिताब था। उसने लीग का सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में मुंबई इंडियंस (MI) की बराबरी कर ली। खिताब जीतने के बाद फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों और सदस्यों खूब जश्न मनाया था। वे इस जश्न में ऐसा डूबे कि कुछ खिलाड़ियों की फ्लाइट तक छूट गई। इसका खुलासा टीम के ओपनर डेवोन कॉनवे ने किया है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो ने इंटरव्यू के दौरान ड्वोन कॉनवे से चेन्नई सुपर किंग्स के विजेता बनने के बाद जश्न के बारे में पूछा। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ” यह पागलपन था। कई खिलाड़ियों की फ्लाइट छूट गई। मोईन अली और उनके परिवार ने अपनी यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी। एरिक सिमंस (गेंदबाजी सलाहकार) ने अपनी यात्र रद्द कर दी। ड्वेन प्रीटोरियस की भी उड़ान छूट गई; केवल उनका परिवार ही किसी तरह समय पर वहां पहुंचने में सफल रहा। हम सभी टीम रूम में बैठे और सुबह करीब 9 बजे तक जश्न मनाया। एमएस धोनी इन सबके बीच में थे। कुछ लोगों ने सीधे नाश्ता किया और कुछ लोग बेड पर चले गए। इससे पहले हम सभी ने बहुत अच्छा समय बिताया।”
फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने से हैरान
डेवोन कॉनवे को फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। इसके लेकर सवाल किया गया कि क्या वह इससे सरप्राइज थे? उन्होंने कहा, ” हां। मुझे लगा कि साई सुदर्शन ने अविश्वसनीय पारी खेली। जड्डू ने भी बल्ले और गेंद से अविश्वसनीय प्रदर्शन किया था। अंबाती रायुडू का कैमियो गेम-चेंजर था। तो हां, मैं हैरान था। मुझे व्यक्तिगत पुरस्कार जीतने या खोने की चिंता नहीं है। एक टीम के तौर पर एक साथ ट्रॉफी जीतना मेरा सपना है।”
डेवोन कॉनवे का आईपीएल करियर
डेवोन कॉनवे को आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 1 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने 23 मैचों में 48.63 के औसत और 141.28 के स्ट्राइक रेट से 924 रन बनाए। आईपीएल 2023 में उन्होंने 51.69 के औसत से 672 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139.71 का रहा। उन्होंने 6 अर्धशतक ठोके।