Arjun Tendulkar injured: पिछले सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस ने इस सीजन में वापसी कर ली है। पांच बार की चैंपियन प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। यह सीजन मुंबई के साथ-साथ उनके ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर के लिए भी बहुत खास रहा है। सचिन तेंदुलकर के लाडले अर्जुन तेंदुलकर को इस बार डेब्यू का मौका मिला। हालांकि यह खिलाड़ी चोटिल हो गया है क्योंकि उन्हें एक कुत्ते ने काट लिया।
अर्जुन को कुत्ते ने काटा
मुंबई इंडियंस मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करने उतरेगी। मैच से पहले टीम के खिलाड़ी आपस में मिले। अर्जुन लखनऊ के मोहसिन खान और युद्धवीर से मिलते नजर आए। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें उसी हाथ में चोट लगी है जिससे वह गेंदबाजी करते हैं। एक दिन पहले ही एक कुत्ते ने उनके हाथ में काट लिया। इसी कारण वह ट्रेनिंग सेशन में गेंदबाजी भी नहीं कर पाए। लखनऊ के दोनों खिलाड़ियों ने उन्हें ख्याल रखने को कहा।
अर्जुन के लिए बेहद खास रहा है यह सीजन
दो सीजन तक मुंबई इंडियंस की टीम के बेंच पर रहने के बाद आखिरकार इस सीजन में अर्जुन को डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने अब तक चार मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम तीन विकेट और 13 रन है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने छक्का भी लगाया था। उनके चोटिल होने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्लेइंग इलेवन में रहेंगे या नहीं।
मुंबई इंडियंस को जीत की जरूरत
मुंबई इंडियंस की टीम के लिए लखनऊ के खिलाफ जीत काफी अहम है। टीम ने 12 मैचों में सात में जीत हासिल की है और वह तीसरे स्थान पर है। इस मुकाबले में जीत उसे चेन्नई सुपर किंग्स आगे कर देगी। उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें और ज्यादा बढ़ जाएंगी। लखनऊ के लिए स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। टीम बिना अपने नियमित के कप्तान केएल राहुल के भी चौथे स्थान पर बनी हुई है।