इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह आईपीएल 2022 में 16 मैच में 22.73 के औसत और 115.98 के स्ट्राइक रेट से 341 रन ही बना पाए। यह आंकड़ा उनकी प्रतिष्ठा से मेल नहीं खाता है। विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) भी फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। हालांकि, रन मशीन कोहली फिर से महफिल लूटने में कामयाब रहे। वहीं, एमएस धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर मिशेल सैंटनर ने गेंद से अनोखा रिकॉर्ड बना डाला।
सीजन के खिलाड़ियों के बारे में सबसे अधिक ट्वीट किए जाने के मामले में विराट कोहली सबसे ऊपर हैं। इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी दूसरे स्थान पर रहे। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद रविंद्र जडेजा का नंबर है। आईपीएल 2022 में जडेजा ने पहले एमएस धोनी से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कमान संभाली थी। हालांकि, बीच टूर्नामेंट में उन्होंने फिर से धोनी को कप्तानी सौंप दी थी।
आईपीएल 2022 का खिताब गुजरात टाइटंस ने जीता, लेकिन ट्विटर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने जीत हासिल की। आरसीबी सीजन की सबसे अधिक ट्वीट की जाने वाली टीम बन गई। इस मामले में चार बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। उनके बाद राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का नंबर आता है। गुजरात टाइटंस ट्विटर पर सबसे अधिक ट्वीट की जाने वाली टीमों में छठे नंबर पर रही।
मिशेल सैंटनर की बात करें तो वह इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के इकलौते गेंदबाज हैं, जिन्होंने पूरे सीजन एक भी वाइड बॉल (सिर्फ 100 से ज्यादा गेंदें फेंकने वाले बॉलर शामिल) नहीं फेंकी। सैंटनर ने इस सीजन 114 गेंदें फेंकी, जिसमें उन्होंने वाइड के नाम पर विपक्षी टीम को एक भी रन नहीं लेने दिया।
आईपीएल 2022 में डेथ ओवर्स में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम रहा। उसके बल्लेबाजों ने इस सीजन डेथ ओवर्स में 43 छक्के लगाए। ओवरऑल बात करें तो आईपीएल में डेथ ओवर्स में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है। मुंबई इंडियंस ने 2013 और 2015 में डेथ ओवर्स में 53-53 छक्के लगाए थे। इस मामले में तीसरे नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स (52) है। चौथे नंबर पर भी मुंबई इंडियंस है। राजस्थान रॉयल्स का 5वां नंबर है।