अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सोमवार यानी 22 नवंबर 2021 को अपने यूट्यूब चैनल पर खुलासा किया कि वह और श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2022 संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे। आईपीएल 2022 में 8 की बजाय 10 टीमें होंगी। ये दो नई फ्रेंचाइजी अहमदाबाद और लखनऊ की हैं। आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन होगा।
रिटेंशन नियमों के अनुसार, मौजूदा आठ फ्रेंचाइजी अपने आईपीएल 2021 दस्ते से अधिकतम 4 खिलाड़ियों (अधिकतम तीन भारतीय या अधिकतम दो विदेशी खिलाड़ी) को अपने साथ बरकरार रख सकती हैं, जबकि दो नई टीमें मेगा नीलामी से पहले खिलाड़ी पूल में से तीन खिलाड़ियों को हासिल करने में सक्षम होंगी। इसी लाइन पर बोलते हुए अश्विन ने इशारा किया है कि दिल्ली कैपिटल्स न तो उन्हें और न ही श्रेयस को रिटेन करेगी।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर आईपीएल की मेगा नीलामी रिटेंशन संभावना का विश्लेषण करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि श्रेयस अय्यर नहीं है। मैं भी वहां नहीं हूं। इसलिए, किसी और को आना होगा। अगर मुझे रिटेन किया जा रहा होता तो मुझे पता होता।’
आईपीएल 2020 सीजन से पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से अश्विन के लिए बाएं हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित को ट्रेड किया था। पिछले दो सीजन में रविचंद्रन अश्विन ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 28 मैच खेले। उसमें उन्होंने 7.55 की इकॉनमी रेट 20 विकेट लिए थे।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर 2015 में दिल्ली स्थित फ्रैंचाइजी में शामिल हुए। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2018 नीलामी में रिटेन किया था। उसी सीजन के बीच में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी दी गई। अय्यर ने 2019 में दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचाया। दिल्ली कैपिटल्स ने 2020 में श्रेयस अय्यर की ही अगुआई में पहली बार आईपीएल का फाइनल खेला था।
आईपीएल 2021 से पहले, श्रेयस को कंधे में चोट लग गई। वह टूर्नामेंट के पहले हॉफ में खेलने से चूक गए। तब फ्रैंचाइजी ने ऋषभ पंत को दिल्ली के नए कप्तान के रूप में नियुक्त किया। हालांकि, अय्यर ने आईपीएल के 14वें सीजन के दूसरे चरण (संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए मुकाबलों) के लिए टीम में वापसी की।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन ने कप्तान के रूप में ऋषभ पंत को ही जारी रखने का फैसला किया। श्रेयस अय्यर ने 87 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया है। इसमें उन्होंने 123.95 के स्ट्राइक रेट से 1916 रन बनाए हैं। इसमें उनके 16 अर्धशतक भी हैं।