IPL 2022 Mega Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन 2022 में फ्रैंचाइजीस ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भी खूब पैसा बरसाया। इस मामले में काव्या मारन के मालिकाना हक वाली सनराइजर्स हैदराबाद भी पीछे नहीं रही।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2021 में शाहरुख खान के सह-मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स का हिस्सा रहे राहुल त्रिपाठी को 8.5 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं, अपने ही ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा को वापस पाने के लिए उसने 32 गुना ज्यादा रकम खर्च की। राहुल त्रिपाठी का बेस प्राइस 40 लाख, जबकि अभिषेक शर्मा का बेस प्राइस 20 लाख रुपए था।
सनराइजर्स हैदराबाद नीलामी से पहले आईपीएल की रिटेंशन नीति के कारण अभिषेक शर्मा को रिटेन नहीं कर पाई थी। हालांकि, नीलामी में वह अभिषेक शर्मा को खरीदने को लेकर वह बहुत उत्साही दिखी।
अभिषेक शर्मा को खरीदने के लिए पंजाब किंग्स ने भी लंबी बोली लगाई। गुजरात टाइटंस ने भी अभिषेक शर्मा को अपने साथ शामिल करने के लिए पर्स का मुंह खोला, लेकिन बाजी काव्या मारन की टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने मारी।
इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद ने भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग और टी नटराजन को भी फिर से अपनी टीम का हिस्सा बनाया। प्रियम गर्ग का बेस प्राइस 20 लाख रुपए थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें बेस प्राइस पर ही खरीद लिया। वहीं, भुवनेश्वर कुमार को 4 करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा।
भुवनेश्वर इससे पहले भी इस टीम का हिस्सा थे। वह टीम की कमान भी संभाल चुके हैं। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थे। सनराइजर्स हैदराबाद नए यार्कर किंग के नाम से मशहूर टी नटराजन को भी फिर से अपनी टीम का हिस्सा बनाने में सफल रही। उसने टी नटराजन को 4 करोड़ रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपए था।
आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 के पहले दिन सनराइजर्स हैदराबाद ने इतने खिलाड़ियों को खरीदा
खिलाड़ी | राष्ट्रीयता | प्रकार | चुकाई गई कीमत |
टी. नटराजन | भारतीय | गेंदबाज | ₹4,00,00,000 |
वाशिंगटन सुंदर | भारतीय | ऑलराउंडर | ₹8,75,00,000 |
राहुल त्रिपाठी | भारतीय | बल्लेबाज | ₹8,50,00,000 |
निकोलस पूरन | विदेशी | विकेटकीपर | ₹10,75,00,000 |
प्रियम गर्ग | भारतीय | बल्लेबाज | ₹20,00,000 |
अभिषेक शर्मा | भारतीय | ऑलराउंडर | ₹6,50,00,000 |
भुवनेश्वर कुमार | भारतीय | गेंदबाज | ₹4,20,00,000 |
जगदीश सुचित | भारतीय | गेंदबाज | ₹20,00,000 |
श्रेयस गोपाल | भारतीय | गेंदबाज | ₹75,00,000 |
कार्तिक त्यागी | भारतीय | गेंदबाज | ₹4,00,00,000 |