IPL Auction 202: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन 2022 में सबसे पहली बोली भारतीय ओपनर शिखर धवन की लगी। पंजाब किंग्स ने उन्हें 8.25 करोड़ रुपए में खरीदा। शिखर धवन मार्की प्लेयर थे। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था।
वहीं, प्रीति जिंटा के सह-मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स ने शाहरुख खान के लिए 22.5 गुना रकम खर्च की। शाहरुख खान का बेस प्राइस 40 लाख रुपए थे। पंजाब किंग्स ने उन्हें 9 करोड़ रुपए में खरीदा।
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी मार्की प्लेयर थे। उनका भी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था। पंजाब किंग्स ने रबाडा को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 9.25 करोड़ रुपए खर्च किए।
शिखर धवन आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2018 में धवन को राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर 5.2 करोड़ रुपए में खुद से जोड़ा था। आईपीएल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें ट्रेड के जरिए अपनी टीम का हिस्सा बना लिया।
शिखर धवन ने आईपीएल में अब तक 192 मैच में 5784 रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 में 16 मैच में 587 रन बनाए थे। शिखर धवन तब से 2021 तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए ही खेले। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें इस बार भी खरीदने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाई। इस तरह धवन को 3 करोड़ 5 लाख रुपए का फायदा हुआ।
आईपीएल 2017 से 2021 तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे कगिसो रबाडा पर भी जमकर बोली लगी। हालांकि, पंजाब किंग्स उन्हें अपने स्क्वाड में शामिल करने में सफल रही। दिल्ली कैपिटल्स ने 2017 में रबाडा को 4.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। इस तरह रबाडा को भी 5 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।
चार करोड़ रुपए के बाद पंजाब किंग्स ने धवन पर लगाई बोली
शिखर धवन के लिए सबसे पहली बोली दिल्ली कैपिटल्स ने लगाई, जिसके बाद राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चार करोड़ रुपए के बाद पंजाब किंग्स ने धवन के लिए बोली लगाना शुरू की। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
शिखर धवन दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद के अलावा मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुके हैं। शिखर धवन के पंजाब किंग्स के साथ जुड़ने का मतलब है कि प्रीति जिंटा की टीम को ओपनिंग जोड़ी (मयंक अग्रवाल के साथ) मिल गई है।
पहले दिन इन खिलाड़ियों को पंजाब किंग्स ने खरीदा
खिलाड़ी | राष्ट्रीयता | प्रकार | चुकाई गई कीमत |
जॉनी बेयरस्टो | विदेशी | विकेटकीपर | ₹6,75,00,000 |
शाहरुख खान | भारतीय | ऑलराउंडर | ₹9,00,00,000 |
राहुल चाहर | भारतीय | गेंदबाज | ₹5,25,00,000 |
कगिसो रबाडा | विदेशी | गेंदबाज | ₹9,25,00,000 |
शिखर धवन | भारतीय | बल्लेबाज | ₹8,25,00,000 |
प्रभसिमरन सिंह | भारतीय | विकेटकीपर | ₹60,00,000 |
हरप्रीत बराड़ | भारतीय | ऑलराउंडर | ₹3,80,00,000 |
जितेश शर्मा | भारतीय | विकेटकीपर | ₹20,00,000 |
ईशान पोरेल | भारतीय | गेंदबाज | ₹25,00,000 |